varanasi news
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार, (25 मार्च) को कोतवाली थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने थाने की नई संरचना और सुविधाओं का जायजा लिया और थाने में खड़े वाहनों के शीघ्र निस्तारण और कमियों में सुधार के निर्देश भी दिए। पुलिस कमिश्नर ने नवनिर्मित या चल रहे विकास कार्यों, आधुनिकीकरण और थाना परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरे का उद्देश्य कोतवाली थाने की कार्यप्रणाली को हाई-टेक बनाना और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं में सुधार करना है, ताकि अपराध नियंत्रण में बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित की जा सके।
आयुक्त के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पहले जर्जर स्थिति में रहा थाना अब किलेनुमा आधुनिक भवन के रूप में विकसित किया गया है। पुलिस आयुक्त ने परिसर में बने पार्क, कार्यालय कक्षों और थाने के अंदर खड़े वाहनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

महिला शौचालय की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए वहां प्रकाश की कमी पाई। जिसके बाद उन्होंने तत्काल लाइट लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि जल्द ही इस नवनिर्मित थाना भवन का उद्घाटन किया जाएगा। इसलिए सभी कार्यों को समय से पूरा कर लिया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी गौरव बसंवाल, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह सहित थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
