varanasi police news
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले सक्रिय गिरोह पर शिकंजा कसते हुए मिर्जामुराद पुलिस ने शुक्रवार को 5 अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। ऐसे में पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि गिरोह का सरगना भिखीपुर गांव निवासी रवि पांडेय है, जो वर्तमान समय में जेल में बंद है। उसके साथ वीरेंद्र राजभर, जितेंद्र राजभर, प्रतापपुर निवासी राहुल कुमार और गौर निवासी विशाल बिन्द सक्रिय रूप से शामिल थे। इन सभी पर मिर्जामुराद, जंसा और रोहनिया थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। यह गैंग योजनाबद्ध तरीके से घरों और प्रतिष्ठानों में चोरी की घटनाएं करता था, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल था।
थाना प्रभारी ने बताया कि रवि पांडेय के जेल में होने के बावजूद गिरोह के अन्य सदस्य लगातार सक्रिय थे। ऐसे में गिरोह को समाप्त करने के लिए गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
