World Tuberculosis Day
नेटवर्क महानगर/मुंबई
विश्व टीबी दिवस (World Tuberculosis Day) के अवसर पर मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर लिमिटेड ने शहर में एक कम्युनिटी वॉकथॉन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ”हां! हम टीबी को खत्म कर सकते हैं” थीम के तहत लोगों में जागरूकता बढ़ाना था।
यह वॉकथॉन 24 मार्च 2026 को सुबह 7 बजे विद्याविहार वेस्ट स्थित कोहिनूर सिटी मॉल के पास मेट्रोपोलिस कार्यालय से शुरू हुई और कुर्ला (पश्चिम) के बृहन्मुंबई सेंट मदर टेरेसा गार्डन तक पहुंची, इसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन नेशनल ट्यूबरकुलोसिस एलिमिनेशन प्रोग्राम (एनटीईपी)-मुंबई सिटी और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के सहयोग से किया गया। इसमें मेट्रोपोलिस के सीएसआर प्रोग्राम के तहत एनजीओ ‘लोक सेवा संगम’ ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वॉकथॉन में हेल्थकेयर विशेषज्ञ, एनजीओ प्रतिनिधि, पीयर एजुकेटर्स और विभिन्न संस्थाओं के कर्मचारी शामिल हुए।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य टीबी के प्रति जागरूकता फैलाना था। खासतौर पर समय पर जांच, इलाज का नियमित पालन, पोषण सहायता और बीमारी से जुड़े सामाजिक कलंक को कम करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान 25 से अधिक पीयर एजुकेटर्स को सम्मानित भी किया गया, जिन्होंने जमीनी स्तर पर जागरूकता फैलाने में योगदान दिया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में अब भी टीबी के सबसे अधिक मामले सामने आते हैं, जो वैश्विक आंकड़ों का लगभग एक चौथाई हिस्सा हैं। हालांकि, स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन देर से जांच, दवा-प्रतिरोधी टीबी और सामाजिक-आर्थिक चुनौतियां अभी भी बड़ी बाधा बनी हुई हैं।
इस अवसर पर मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर की चीफ साइंटिफिक और इनोवेशन ऑफिसर डॉ. किर्ति चड्ढा ने कहा कि टीबी आज भी देश के लिए गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती है। उन्होंने कहा कि समय पर और सटीक जांच के साथ-साथ मरीजों को निरंतर सहयोग, पोषण और जागरूकता प्रदान करना जरूरी है। इससे इलाज की सफलता दर बढ़ती है और मरीज जल्दी स्वस्थ होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संस्था का लक्ष्य समुदाय और पीयर एजुकेटर्स को सशक्त बनाकर टीबी उन्मूलन की दिशा में दीर्घकालिक प्रभाव सुनिश्चित करना है।
