
मुंबई, दादर का मशहूर ‘प्रीतम दा ढाबा’ के मालिक सरदार कुलवंत सिंह कोहली का बीमारी के चलते बुधवार को निधन हो गया। कोहली को कई बेहतरीन और असल पंजाबी ढाबा स्टाइल कुजीन का श्रेय दिया जाता है, खासकर 1950-60 के दशक में मुंबई में बटर चिकन लेकर आने का, जो दुनियाभर में भारतीय खाने की पहचान को मजबूत करता आ रहा है। उनके निधन पर राज्य के राज्यपाल सी.विद्यासागर राव ने शोक व्यक्त किया है।
दादर में कई फिल्म स्टूडियो होने के कारण इस ढाबे पर आम लोगों के साथ ही बड़े-बड़े सितारों का आना-जाना लगा रहता था। दिलीप कुमार, राज कपूर, राजेंद्र कुमार, मनोद कुमार, धर्मेंद्र, संजीव कुमार और फिल्म डायरेक्टर इस ढाबे में अकसर खाना खाने जाते थे। शौक़ीन लोगों के बीच तो यह खासा मशहूर ढाबा था ही।

मुंबई ने खोया अपना सामाजिक रत्न: राज्यपाल
मूलरूप से रावलपिंडी के रहने वाले 85 साल के कोहली का बीमारी के बाद हिंदूजा अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर राज्यपाल सी. विद्यासागर राव ने शोक व्यक्त किया। राव ने कहा है, वह एक खुशमिजाज इंसान, सफल बिजनस लीडर थे और उन्होंने राज्य के सामाजिक-सांस्कृतिक और आर्थिक विकास को देखा था। वह सिख समुदाय का गौरव थे और उनका सामाजिक काम बहुत व्यापक था। उनके निधन से मुंबई ने अपना मशहूर ‘सामाजिक रत्न’ खो दिया है।
