नागपुर: भैयाजी जोशी बोले-संघ कोई राजनीतिक संगठन नहीं, देशहित में बात करना राजनीति नहीं

नागपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के महासचिव सुरेश ‘भैयाजी’ जोशी ने बुधवार को संघ को राजनीतिक संगठन के रूप में चिह्नित करने वालों की आलोचना करते हुए पूछा कि क्या देश के हित में बात करना राजनीति करना है। जोशी आरएसएस के दूसरे सरसंघचालक (प्रमुख) माधव सदाशिवराव गोलवलकर की जयंती के अवसर पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा, क्या राष्ट्र और देश के बारे में सोचना राजनीति करना है? ऐसा कैसे हो सकता है? अगर देश की सीमा के बारे में सवाल हैं, तो क्या देश का आम आदमी इसके बारे में नहीं सोचेगा? उन्होंने कहा लोग संघ को राजनीतिक कहते हैं, लेकिन संघ ने कभी भी चुनाव नहीं लड़ा और इसकी आगे भी कोई संभावना नहीं है। संघ में, चुनाव होते हैं और लोगों को इस बारे में पता भी नहीं चल पाता है।
स्वतंत्रता का मतलब यह नहीं कि हम किसी पर अत्याचार करें
कार्यक्रम में भैयाजी ने कहा, हर कोई व्यक्तिगत स्वतंत्रता चाहता है, लेकिन किसी को किसी पर अत्याचार करने का अधिकार नहीं है। हमने व्यक्तिगत स्वतंत्रता के विचार की कल्पना की है। हर कोई व्यक्तिगत स्वतंत्रता चाहता है। सैद्धांतिक रूप से, कोई भी इसका विरोध नहीं कर सकता। व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मतलब यह नहीं है कि हमें किसी को यातना देने का अधिकार है।
उन्होंने आगे कहा, अपनी पसंद और क्षमता के आधार पर, प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में आगे बढ़ने का अधिकार है। लेकिन व्यक्तिगत स्वतंत्रता के नाम पर आपको हिंसा या भ्रष्टाचार करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसलिए, व्यक्तिगत स्वतंत्रता थोड़े समय के लिए होनी चाहिए।
