मुंबई: अभिनेता शहबाज खान पर यौन शोषण का आरोप, मामला दर्ज

मुंबई: अभिनेता शहबाज खान के खिलाफ एक महिला ने यौन शोषण का मामला दर्ज कराया है। शहबाज खान ‘बेताल पचीसी’, ‘चंद्रकांता’, ‘युग’, ‘द सोर्ड ऑफ टीपू सुल्तान’ और ‘सलीम अनारकली’ जैसे टीवी शो के लिए जाने जाते हैं।
ओशिवरा पुलिस स्टेशन में शहबाज खान के खिलाफ ये एफआईआर दर्ज कराई गई है। ये मामला आईपीसी की धाराओं 354 और 509 के तहत अपमान करने के इरादे से महिला पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग करनेे और ‘महिला के शील भंग के लिए अपमान सूचक शब्द या इशारा करनेे को लेकर दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि शहबाज खान भारतीय टेलीविजन का जाना-माना चेहरा रहे हैं। 90 के दशक में उन्होंने कई हिंदी फिल्मों में विलेन की भूमिका भी निभाई। वो सलमान खान की फिल्म ‘वीर’ में भी नजर आए थे। वहीं ‘एजेंट विनोद’ और ‘द हीराेे’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने काम किया है। मध्य प्रदेश के रहने वाले शहबाज खान पद्म भूषण उस्ताद अमीर खान के बेटे हैं। अमीर खान का नाम भारतीय शास्त्रीय गायकों के सबसे विख्यात गायकों में शुमार होता है। उन्होंने ही इंदौर घराने की स्थापना की थी। वहीं इस मामले में शहबाज खान ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
