मुंबई: जमैतुल उलेमा की आज़ाद मैदान में सभा २३ को

मुंबई: जमैतुल उलेमा की ओर से आगामी २३ फ़रवरी को आज़ाद मैदान में भव्य सभा का आयोजन किया गया है। यह जानकारी संस्था के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने कल मराठी पत्रकार संघ भवन में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार देश में धार्मिक आधार पर नागरिकों मेँ भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान सभी को बराबर का हक़ देता है लेकिन मोदी सरकार राजनैतिक लाभ के लिए धार्मिक आधार पर नागरिकों के साथ भेदभाव कर रही है। मोदी सरकार भारत को हिन्दुत्ववादी देश बनाना चाहती है।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पहले उत्तर प्रदेश में करने की इजाजत मांगी गयी थी लेकिन वहां की सरकार ने अनुमति नहीं दी।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जिस तरीके से काम कर रही है उसे चुपचाप बैठकर नहीं देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि हम किसी के न तो समर्थक हैं और न विरोधी। केंद्र की मोदी सरकार ने देश की एकता को खतरे में डाल दिया है।
मौलाना अरशद मदनी के अनुसार, नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर (NPR) के तहत देश के सभी नागरिकों को अपना नाम इसमें रजिस्टर करवाना अनिवार्य होगा। हालांकि NPR, CAA और NRC तीनों ही अलग-अलग हैं। यह रजिस्टर इस बात का लेखा-जोखा होगा कि कौन व्यक्ति कहां रहता है। यह कानून पारित होने के बाद गैर-मुस्लिमों के संरक्षण और मुस्लिम नागरिकों को तंग किए जाने का साधन बनेगा, जब वे पूरे देश में नोटबंदी की तरह अपने कागज़ातों के साथ कतार में लगे होंगे।
