पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार..
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई की वकोला पुलिस ने एक चाइल्ड किडनैपिंग रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि सांताक्रूज पूर्व के गावदेवी से एक 5 साल की नाबालिग बच्ची को किडनैप कर लिया गया है। बच्ची को 90 हजार रुपये में बेचा गया था। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कि बच्ची को किडनैप करके बेचने की प्लानिंग कर रहे थे। इनमें लतीफ़ अब्दुल मजीद शेख (52), लारेंस निकलेस फर्नांडिस (42), श्रीमती मंगल दगडू जाधव (38), करन मारुती सनस, वृंदा विनेश चव्हाण शामिल हैं।

घटना 22 नवंबर दोपहर की है। बच्ची की मां (शिकायतकर्ता) श्रीमती पिंकी राहुल शर्मा (38) ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पांच साल की बच्ची पूर्वी शर्मा को अज्ञात व्यक्ति द्वारा किडनैप कर लिया गया है। उक्त अपराध में अपहृत बालिका की तलाश हेतु पृथक पुलिस टीम गठित की गई तो जांच में पता चला कि बच्ची के मामा-मामी ने उसका अपहरण कर उसे 90 हजार रुपये में बेच दिया है। वकोला पुलिस पांचों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने इस तरह का और भी अपराध किये है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 137(2), 3(5), 143(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
