मुंबई: परमबीर सिंह के खिलाफ जबरन वसूली का एक और मामला दर्ज
मुंबई: मुंबई पुलिस ने शहर के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के खिलाफ जबरन वसूली का एक और मामला दर्ज किया है। परमबीर के खिलाफ यह कुल मिलाकर चौथा और मुंबई में दूसरा मामला दर्ज किया गया है। दो अन्य मामले ठाणे में दर्ज किए गए हैं। ये सभी मामले एक महीने के भीतर दर्ज किए गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि हालिया एफआईआर शुक्रवार रात गोरेगांव पुलिस स्टेशन में एक बिल्डर विमल अग्रवाल की शिकायत पर दर्ज की गई। इस मामले में बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाझे और चार अन्य लोगों- सुमित सिंह उर्फ चिंटू, अल्पेश पटेल, विनय सिंह उर्फ बबलू और रियाज भाटी को भी आरोपित बनाया गया है। अग्रवाल ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपितों ने साझेदारी में चलाए जाने वाले उसके बार और रेस्तरां पर छापेमारी नहीं करने के बदले उससे 9 लाख रुपये वसूले। इसके अलावा उन्होंने अपने लिए लगभग 2.92 लाख रुपये का दो स्मार्ट फोन खरीदने के लिए भी उन्हें मजबूर किया। यह घटना जनवरी 2020 से मार्च 2021 की है। अधिकारी ने बताया कि यह मामला आईपीसी की धाराओं-384 और 385 (दोनों जबरन वसूली से संबंधित) तथा 34 (साझा इरादा) के तहत दर्ज किया गया है। सभी छह आरोपितों के खिलाफ जांच की जा रही है। परमबीर सिंह फिलहाल महानिदेशक होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। हालांकि, वह दफ्तर नहीं जा रहे हैं, क्योंकि मई महीने से उन्होंने छुट्टी ले रखी है।
