मुंबई में भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त

मुंबई: मायानगरी मुंबई में बीती रात से हो रही लगातार बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर के लोअर परेल, दादर-हिंदमाता, माटुंगा, सायन, चेंबुर, खार सबवे, सांताक्रूज, अंधेरी समेत कई निचले इलाकों में जलभराव हो चुका है। किंग सर्कल, गाँधी मार्किट की सड़कों पर तो करीब 2 फीट तक पानी जमा हो गया। यहां पुल के नीचे लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। कई पानी घुसने के कारण कई वाहन खराब हो गए। वहीं वेस्टर्न हाइवे पर मराठा कॉलोनी के पास सांताक्रूज में भारी बारिश के चलते सड़कें तलाब बनी हुईं। निचले इलाकों में सड़कें तालाब नज़र आ रही हैं।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, मुंबई शहर में पिछले 10 घंटों में 230 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर के ऊपर मानसून के सक्रिय होने से सोमवार को भी मुंबई में जबरदस्त बारिश हुई।
मुंबई शहर के कोलाबा में रात एक बजे तक लगभग 269 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि उपनगरीय इलाके सांताक्रूज में 87 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने आज दोपहर तक हाई टाइड की चेतावनी दी है। इसके चलते लोगों को बीच या फिर निचले इलाके में न जाने की सलाह दी गई है।

कांदिवली में भूस्खलन, हाइवे बंद
कांदिवली के समता नगर वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे में भूस्खलन के चलते एयरपोर्ट और शहर की जाने वाला हाइवे एक तरफ से बंद कर दिया गया है। साथ ही ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया।
बता दें कि मुंबई में भारी बारिश की वजह से सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई इलाकों में पानी भरने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह रोड पर पानी भरने की समस्या के चलते वाहन फंसने की खबर भी सामने आ रही है। इस बीच प्रशासन द्वारा राहत और बचाव का काम शुरू किया गया है। इसके अलावा मुंबई शहर और उपनगरों के विभिन्न हिस्सों में कम से कम आठ मार्गों पर बीईएसटी बस सेवाओं को डायवर्ट कर दिया गया है।
मुंबई में भारी बारिश की वजह से सेंट्रल लाइन धीरे-धीरे चल रही है। हार्बर लाइन पर रेल यातायात कुर्ला-सीएसएमटी के बीच रुक गया है। वहीं बारिश के कारण चार लाइनों पर यातायात रुक गया है। इसके अलावा बीएमसी ने सभी कार्यालयों और अन्य प्रतिष्ठानों से भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर आज बंद रखने की अपील की है।
