cm yogi press conference today
लखनऊ: निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली एतिहासिक जीत को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यह सुशासन, विकास और भयमुक्त वातावरण का नतीजा है, जिसे मतदाताओं ने जनादेश दिया है। उन्होंने इस जीत को लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन का परिणाम बताया है।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं द्वारा मनाए जा रहे जीत के जश्न में शिरकत करने के बाद सीएम योगी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में पहली बार भाजपा एक साथ पूर्ण बहुमत के साथ विजय प्राप्त करने में सफल हुई है। तीन नये नगर निगम बनाए गए थे।
इनमें अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और शाहजहांपुर हैं। नगर निगमों में पांच लाख से लेकर 50 लाख की आबादी निवास करती है। इतनी बड़ी आबादी को प्रदेश के अंदर बुनियादी सुविधाएं और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के विजन को डबल इंजन सरकार ने आगे बढ़ाया है।
सीएम ने कहा कि प्रदेश के अंदर 200 नगर पालिकाएं हैं। इनमें 199 में चुनाव संपन्न हुए हैं। 2017 में बीजेपी 60 नगर पालिकाओं में जीत हासिल कर सकी थी। इस बार दोगुने से ज्यादा सीटें प्राप्त हुई हैं। इसी तरह नगर पंचायतों में भी अभूतपूर्व सफलता मिली है।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि नगर निगम मे कुल 1420 वार्डों में पार्षदों के लिए चुनाव हुआ है। पिछली बार के मुकाबले हमारे दोगुने से अधिक पार्षद जीते हैं। नगर पालिका में भी इस बार हमारे दोगुने से अधिक पार्षद जीते हैं। नगर पंचायतों में भी बड़ी संख्या में भाजपा के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने यूपी की दो विधानसभाओं छानबे और स्वार पर हुए उपचुनाव में सहयोगी पार्टी अपना दल (एस) को मिली जीत के लिए भी मतदाताओं को बधाई दी है। सकुशल चुनाव संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, प्रदेश मशीनरी और सभी राजनीतिक दल को भी धन्यवाद दिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ ही भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, संगठन महामंत्री धर्मपाल भी मौजूद थे।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय, लखनऊ में प्रेसवार्ता… https://t.co/bF6oJHJdlw
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 13, 2023
