ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहर

नवी मुंबई: अवैध संबध से नाराज 81 वर्षीय बाप ने ले ली बेटे की जान, गिरफ्तार

नवी मुंबई: शादीशुदा बेटे के गैर महिला से संबंध की वजह से नाराज एक 81 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने बेटे की जान ले ली। वारदात नवी मुंबई के तुर्भे इलाके की है। तुर्भे एमआईडीसी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बेटे की हत्या करने वाले शख्स का नाम धोंडीराम गायकवाड है। धोंडीराम के बेटे मिलिंद के उसी इलाके में रहने वाली एक महिला से विवाहेत्तर संबंध बन गए थे। यह बात घर तक पहुंची तो लगातार विवाद होने लगा। धोंडीराम ने अपने बेटे को कई बार समझाने की कोशिश की कि शादीशुदा होने के बाद इस तरह किसी महिला से संबंध रखना ठीक नहीं है इससे उसका परिवार बर्बाद हो रहा है। लेकिन मिलिंद उनकी बात सुनने को तैयार नहीं था। इसी बात पर रविवार रात को भी परिवार में कलह हुई और फिर बाप-बेटे के बीच भी काफी विवाद हुआ।
नाराज धोंडीराम ने देर रात तक इंतजार किया और मिलिंद के सो जाने के बाद रात डेढ़ बजे के करीब डंडे से मिलिंद को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। सिर और शरीर के दूसरे हिस्सों पर चोट लगने से बुरी तरह जख्मी मिलिंद को अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद धोंडीराम फरार हो गया था लेकिन पुलिस ने उसे थोड़ी ही देर में ढूंढ निकाला। तुर्भे एमआईडी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमर देसाई ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।