ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: शबाना आजमी कार दुर्घटना में घायल

मुंबई: सुप्रसिद्ध अभिनेत्री शबाना आज़मी मुंबई-पुणे हाइवे पर कार दुर्घटना में ज़ख़्मी हो गई हैं। उन्हें नवी मुंबई के एमजीएम हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। यह हादसा मुंबई से 60 किलोमीटर दूर खालापुर के पास शनिवार शाम चार बजे के आसपास हुआ।
रायगढ़ के एसपी अनिल परासकर का कहना है कि इनकी कार की ट्रक से टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
शबाना आज़मी मुंबई लौट रही थीं तभी उनकी गाड़ी ट्रक से भिड़ गई। महाराष्ट्र ट्रैफ़िक पुलिस के अनुसार यह हादसा खालापुर टोल बूथ से दो किलोमीटर पहले शाम में चार बजे के क़रीब हुआ।

पुणे से मुंबई जाते समय हुई घटना
पुणे से मुंबई जाते समय कार ऐक्सिडेंट हो गया। शबाना आजमी को घटना के बाद उन्हें तुरंत पनवेल के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद देर शाम उनको कोकिलाबेन धीरूबाई अंबानी अस्पताल में शिफ्ट किया गया।

पुलिस के अनुसार शबाना के चेहरे, गर्दन और आँख के पास चोट लगी है। वो ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बैठी थीं। पुलिस का कहना है कि जावेद अख़्तर पीछे से दूसरी कार में थे और उनकी कार इस टक्कर में शामिल नहीं थी। खालापुर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर विश्वजीत काइन्जादे ने कहा है, शबाना की सफ़ारी गाड़ी उनका ड्राइवर चला रहा था और पीछे से जावेद अख़्तर की आउडी कार थी। ड्राइवर ओवरटेक की कोशिश कर रहा था और इसी में उनकी कार आगे जाते हुए एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।

शबाना का हाल लेने हॉस्पिटल में फिल्‍मी सितारों की भीड़ लग गई, जिसमें उनके पति जावेद अख्तर के अलावा फरहान अख्तर, शिबानी दांडेकर, अनिल कपूर, तब्बू, सतीश कौशिक, अनिल अंबानी और उनकी पत्‍नी टीना अंबानी भी शबाना आजमी का हालचाल लेने हॉस्पिटल पहुंचे।

हालत स्थिर
हॉस्पिटल प्रशासन ने एक बयान जारी कर बताया है कि शबाना आजमी की हालत स्थिर है। कोकिलाबेन धीरूबाई अंबानी हॉस्पिटल के कार्यकारी निदेशक और सीईओ डॉ संतोष शेट्टी ने बताया कि अभिनेत्री शबाना डॉक्‍टरों की गहन निगरानी में हैं।

शबाना के लिए दुआएं…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा- शबाना आजमी जी के दुर्घटना में घायल होने वाली खबर दुखद है। मैं उनके जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया- शबाना आजमी जी की दुर्घटना के बारे में पता चला। मैं भगवान से उनके जल्दी स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं।

वेस्ट बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया- शबाना आजमी की दुर्घटना के बारे में खबर सुनी। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

लता मंगेशकर ने ट्वीट किया- शबाना जी की कार दुर्घटना में चोट लगने की बात सुनकर बहुत बुरा लगा। उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करती हूं।