ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई से गोवा घूमने गई महिला कलाकार के साथ सड़क पर की गई मारपीट

मुंबई, शहर की एक महिला कलाकार पर गोवा में जानलेवा हमला हुआ है। घटना पिछले सप्ताह की है। अब महिला ने इस घटना का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया में डाला है। जिसमें एक व्यस्त सड़क पर एक व्यक्ति उन पर हमला करता दिखाई देता है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें कुछ ही घंटे में जमानत पर रिहा कर दिया गया।
मुंबई में रहने वाली कलाकार दुर्गा गावड़े ने बताया कि यह घटना उत्तर गोवा में सलीगांव में 31 मई को हुई थी। वे पेशे से मूर्तिकार और सोशल एक्टिविस्ट हैं। वायरल वीडियो में नजर आता है कि दुर्गा की एक पुरुष के साथ बहस हो रही है जो बाद में उसकी पिटाई करने लगता है और व्यस्त सड़क पर कई राहगीर मूकदर्शक बन यह सब देखते रहते हैं।

गोवा की यात्रा पर आईं दुर्गा ने इस वीडियो क्लिप के साथ एक संदेश में गिरफ्तारी के चार दिन के भीतर हमलावर को जमानत मिल जाने पर नाराजगी जाहिर की है। पुलिस ने घटना की पुष्टि की और कहा कि महिला की शिकायत के बाद आरोपी ब्रेन फ्रैंको नाम के शख्स समेत 4 को गिरफ्तार किया गया।