दिल्लीमहाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

CM फडणवीस निकालेंगे ‘रथयात्रा’, राज्य की सभी विधानसभाओं का करेंगे दौरा

मुंबई, लोकसभा चुनावों में मिली सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों की तैयारियों में पूरी तरह जुट गई है। पार्टी ने इस बार 220 से ज्यादा सीटों को जीतने का लक्ष्य रखा है। इसी को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जल्द ही एक ‘रथ यात्रा’ निकालने जा रहे हैं। इसमें वे राज्य की सभी विधानसभाओं का दौरा करेंगे।
आगामी चुनाव के लिए भाजपा ने ‘फिर एक बार शिवशाही सरकार’ और ‘अबकी बार 220 के पार’ का नारा बुलंद किया है। यह रथयात्रा अगस्त महीने में शुरू होगी। गौरतलब है कि यहाँ सितम्बर-अक्टूबर में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।
महाराष्ट्र में भाजपा शिवसेना की गठबंधन की सरकार है और सीएम पद भाजपा के देवेंद्र फडणवीस संभाल रहे हैं। इस बार भाजपा-शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ने वाले हैं लेकिन शिवसेना ने साफ कर दिया है कि उसकी नजर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर है। कहा जा रहा है कि अगर इनकी सरकार आई तो दोनों पार्टियां ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री की कुर्सी की कमान संभालेंगे। शिवसेना लगातार मुखपत्र ‘सामना’ अखबार में भी अपनी मंशा को जाहिर कर रही है।