उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

आपका उत्तर प्रदेश प्रश्नों के ‘उत्तर’ देने वाला प्रदेश बन गया है: नीलकंठ तिवारी

मुंबई, (राजेश जायसवाल): उत्तर प्रदेश की स्थापना दिवस को लेकर योगी सरकार के पर्यटन मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पिछली सरकार पर निशाना साधा है। श्री तिवारी ने कहा कि यूपी में अब तक की सरकारें सिर्फ राजनीति करती रहीं, उत्तर प्रदेश के स्थापना को लेकर एक सीधा निर्णय तक नहीं ले पाई। जबकि योगी सरकार ने आते ही तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस मनाने का सिलसिला शुरू किया है। उत्तर प्रदेश दिवस आज तीसरी बार मनाया गया है। पिछली सरकारों को उन्हें अपने गौरव का कोई भान नहीं था। 

मुंबई में ‘अभियान’ संस्था की ओर से सांताक्रुज में आयोजित यूपी दिवस के कार्यक्रम में वे बोल रहे थे। इस मौके पर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, यूपी के पूर्व राज्यपाल राम नाईक, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आशीष शेलार, पूर्व कांग्रेसी नेता कृपाशंकर सिंह, पूर्व विधायक राजहंस सिंह आदि लोग उपस्थित थे।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि आपका उत्तर प्रदेश अब बदल चुका है। यह बाबा विश्वनाथ और बुद्ध की भूमि है। श्रीराम-कृष्ण की जन्मभूमि है, जहाँ पावन गंगा बहती है, सबसे अधिक तीर्थ स्थल यूपी में है। पर्यटन की दृष्टि से यूपी बहुत महत्वपूर्ण राज्य है लेकिन पिछली सरकारों ने इसे बढ़ाने का कोई प्रयास नहीं किया, लेकिन योगी सरकार ने यूपी दिवस के अवसर पर जनता को कुछ न कुछ नई योजनाएं लाकर उपहार दिया है। पहली बार जब उत्तर प्रदेश दिवस मनाया गया तो वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना की घोषणा की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर मुख्यमंत्री योगी ने उक्त योजना को लांच किया। इस बार भी मुख्यमंत्री योगीजी ने गरीब मजदूरों के लिए अटल आवासीय विद्यालयों की घोषणा की है। जो सभी 18 कमिश्नरी में एक साथ शुरू हो रही है। जिसमे शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट के साथ  खेलने के मैदान भी होंगे।  
उन्होंने कहा, यूपी को पहले अपराधों की भूमि के रूप में भी लोग जानते थे लेकिन अब माफिया राज पूरी तरह से साफ़ हो चुका है। अपराधी निपट गए हैं। उत्तर प्रदेश में उद्योगपति आकर योगी राज में उद्योग-धंधे लगा रहे हैं।
अयोध्या को पिछली सरकारों ने विवाद का विषय बना दिया जबकि योगी सरकार ने सत्ता में आते ही इसे विकास का विषय बना दिया, ये गौरव के पक्ष हैं जिसे पिछली सरकारों ने नहीं देखा। हमने तो अयोध्या का विकास सत्ता में आते ही शुरू कर दिया था, सम्माननीय सुप्रीम कोर्ट ने तो अब जाकर निर्णय दिया है। अयोध्या के आलावा राज्य के सभी धार्मिक स्थलों को विकसित किया है, यूपी में आइये काशी एकदम बदल गई।
अयोध्या में नगर निगम बनाया, तीर्थ स्थल के रूप में, पर्यटन स्थल तीर्थाटन को विकसित कर रहे हैं। अब ब्रज के मथुरा-वृंदावन भी आईये, अद्भुत और परम्पराएं दिखाई देंगी, अपनी संस्कृति को हमने संजोकर और संवारकर रखा है। प्रयाग को भी जरूर देखिये, जो कुम्भ के समय हुआ उसकी स्मृतियों को भी देखिये। विध्यांचल,चित्रकूट धाम, नैमिषारण्य, श्रृंगवेरपुर विकसित कर रहे हैं। जितने भी गौरव के पक्ष है हम उसे लेकर आगे बढ़ रहे है विकसित कर रहे। आपका उत्तर प्रदेश प्रश्नों के उत्तर देने वाला प्रदेश बन गया है।

मुंबई में यूपी के पर्यटन मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी का हुआ जोरदार स्वागत