ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

अमिताभ बच्चन की झलक पाने मुंबई पहुंचे फैन पर जुहू में चाकू से हमला, लूट, दो गिरफ्तार

मुंबई: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की एक झलक पाने के लिए यूपी से मुंबई पहुंचे एक फैन पर जानलेवा हमला और उसके साथ लूटपाट की घटना सामने आई है। इस घटना को लेकर जुहू पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि अमिताभ बच्चन की एक झलक पाने के लिए लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते हुए फैन ने अभिनेता के बंगले जलसा के पास फुटपाथ पर रहा था। व्यक्ति की पहचान अकील शेख के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह शख्स जून के अंतिम सप्ताह में मुंबई आया था और ये पेशे से कपड़ा व्यापारी है। वहीं, दोनों आरोपियों की पहचान भायंदर के रहने वाले संजय गोपी खारवा उर्फ राजेंद्र (25) और माटुंगा लेबर कैंप के रहने वाले सुरेश कांजी खारवा (20) के रूप में हुई है। इन दोनों ने बिग-बी के फैन को फुटपाथ पर सोते हुए पाए थे और फिर घटना को अंजाम दिया।

जुहू पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंढरीनाथ लहर ने बताया कि आरोपियों ने पहले शेख को शराब का सेवन करने के लिए कहा, जिसे उसने मना कर दिया। फिर वे शेख को एक अलग स्थान पर ले गए और फिर से उसे शराब का सेवन करने का दबाव डाला।

इसी बीच अकील और दोनों आरोपियों के बीच बहस शुरू हो गई है और उसकी पिटाई शुरू कर दी। बात इतनी बढ़ गई है कि आरोपियों में से एक ने चाकू निकाला और उसके हाथ, छाती और पेट पर वार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और नकदी लूट कर फरार हो गए। घायल पड़े शेख को स्थानीय लोगों ने कपूर अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है। इस सम्बन्ध में पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।