उद्धव ठाकरे के 7 मार्च के अयोध्या दौरे से पहले सीएम योगी से मिले संजय राउत

लखनऊ: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सात मार्च को अयोध्या में रामलला का दर्शन करेंगे। इसी सिलसिले में राज्यसभा सांसद संजय राउत गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले। राउत ने उद्धव ठाकरे के अयोध्या दौरे को लेकर बात की। इसके बाद संजय राउत अयोध्या निकल गए। संजय राउत तैयारियों का जायजा लेने अयोध्या पहुंचे थे।
बता दें कि महाराष्ट्र में सरकार बनने के बाद उद्धव ठाकरे की यह पहली अयोध्या यात्रा होगी। उद्धव ठाकरे सात मार्च को पहले रामलला के दर्शन कर श्रीराम का आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद सरयू नदी के घाट पर आरती में भी शामिल होंगे। वहीं इस यात्रा को लेकर संत समाज में नाराजगी है। संत उद्धव ठाकरे की यात्रा को लेकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। इससे पहले जून 2019 में उद्धव ठाकरे अयोध्या आए थे और भगवान राम की पूजा अर्चना की थी। उस समय उनके साथ शिवसेना के 18 सांसद भी थे।

