ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

क्या चीन के वुहान शहर की तरह कोरोना संक्रमण का हॉटस्पॉट बन रही मुंबई?

मुंबई: कोरोना वायरस के मामले देश में लगातार बढ रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा इजाफा महाराष्ट्र में हो रहा हैं। भारत में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 10 हजार से ज्यादा हो गई है जबकि 339 मरीजों ने दम तोड दिया है। देश में कोरोना का संक्रमण सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में फैल गया है। महाराष्ट्र में कोरोना के केस बढ़कर 2334 हो गए हैं और मरने वाले लोगों का आंकड़ा 160 तक छू गया है, जिनमें से 101 की मौत सिर्फ मुंबई में हुई है।
मुंबई में 1549 कोरोना वायरस के मरीज हैं। सोमवार को महाराष्ट्र में कुल 352 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 242 नए केस मुंबई से ही हैं। वहीं, सोमवार को कोरोना संक्रमण के चलते प्रदेश में 11 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 9 लोग मुंबई से हैं। सोमवार को 43 लोग ठीक होकर घर लौट गए। इस तरह कुल 141 लोग ठीक हो चुके हैं। इस तरह से देखा जाए तो देश में कोरोना से मरने वाला हर दूसरा शख्स महाराष्ट्र से है और हर तीसरा शख्स मुंबई से माना जाएगा। मुंबई को चीन के वुहान शहर की तरह कोरोना संक्रमण का हॉटस्पॉट बताया जाने लगा है।

प्रदेश में जैसे-जैसे स्क्रीनिंग और टेस्टिंग बढ़ने लगे, वैसे-वैसे कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या मुंबई में बढ़ती चली गई।
राज्य सरकार की मुख्य चिंता की बात मुंबई की झुग्गियों में कोरोना के नए मामलों का सामने आना बनी हुई है। राज्य सरकार ने मुंबई में चार कोरोना नियंत्रण जोन बनाए हैं और लॉकडाउन की अवधि को 30 अप्रैल तक पहले ही सीएम उद्धव ठाकरे ने बढ़ा दिया था, परन्तु अब पीएम मोदी ने लॉकडाउन की मियाद 3 मई तक बढ़ा दी है।