ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन: करोड़ों रुपये कीमत की व्हेल मछली की ‘उल्टी’ के साथ आरोपित को किया गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने व्हेल मछली की उल्टी (एंबरग्रीस) की तस्करी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो किलोग्राम से ज्यादा एंबरग्रीस को बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 2.60 करोड़ बताई गई है। इसका उपयोग परफ्यृूम बनाने में किया जाता है।आरोपित का नाम वैभव कालेकर है, जिसे मरीन ड्राइव स्थित एक होटल के पास से गिरफ्तार किया गया है। वह यहां एजेंट की प्रतीक्षा कर रहा था। आरोपित के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी के अनुसार, आरोपित एम्बरग्रीस को दापोली से लेकर यहां आया था। वह इसे बेचने के लिए एजेंट का इंतजार कर रहा था। इस दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के पास आरोपित के यहां आने की सूचना पहले से ही थी। उसे पकड़ने के लिए दो दिन पहले ही तैयारी कर ली गई थी। उसके पास से बरामद एंबरग्रीस की वन विभाग के अधिकारियों से जांच कराई गई है। आरोपित को किला कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में दे दिया है।

परफ्यृूम बनाने में किया जाता है इसका उपयोग
एंबरग्रीस गहरे समुद्र में पाई जाती है। यह प्राय: मछुआरों के हाथ लगती है, जो इसे पाने के बाद एजेंट को बेच देते हैं। एजेंट इसे बाजार में पहुंचाता है और यहां से इसे परफ्यूम बनाने वाली बड़ी कंपनियों को बेच दिया जाता है। एंबरग्रीस को व्हेल वोमिट भी कहा जाता है। एंबरग्रीस व्हेल की उल्टी है। यह एक भूरे रंग का मोम जैसा पदार्थ है जो स्पर्म व्हेल के पेट में बनता है। व्हेल के उल्टी करने के बाद यह पदार्थ समुद्र के पानी में तैरता हुआ पाया जाता है। ओमान का तटीय क्षेत्र इसके लिए प्रसिद्ध है। यह इत्र बाजार में सोने जितना ही कीमती है। इस कारण बड़े पैमाने पर इसकी तस्करी की जाती है। पिछले एक साल में मुंबई में इस तरह के लगभग एक दर्जन से अधिक तस्करी के मामले सामने आए हैं।

एक किलो ड्रग्स रखने के आरोप में युगांडा नागरिक गिरफ्तार
मुंबई पुलिस की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने युगांडा के एक नागरिक को करीब 50 लाख रुपये की करीब एक किलो मेथाक्वालोन ड्रग्स रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसने अपने शरीर में ड्रग्स का सेवन किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी जेजे अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने 91 अंडाकार आकार के प्लास्टिक कैप्सूल निकाले।