ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

छेड़खानी का केस दर्ज होने के बाद जितेंद्र आव्हाड बोले- मैं विधायक पद से इस्तीफा दे रहा हूं…

ठाणे: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी विधायक जितेंद्र आव्हाड एक बार फिर मुश्किल में फंसे नजर आ रहे हैं। एक हफ्ते के भीतर एनसीपी नेता आव्हाड के खिलाफ दूसरा केस दर्ज किया गया है। ताजा मामला एक महिला से छेड़छानी से जुड़ा है। इस मामले में मुंब्रा पुलिस ने आव्हाड के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 354 के तहत एफआईआर दर्ज की है। जिसके बाद आव्हाड ने विधायक के पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है।
ठाणे शहर के मुंब्रा-कलवा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक जितेंद्र आव्हाड ने ट्वीट कर कहा, पुलिस ने 72 घंटे में मेरे खिलाफ दो झूठे मामले दर्ज किए। मैं पुलिस के अत्याचार के खिलाफ लड़ूंगा। मैंने विधायक पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। मैं लोकतंत्र की हत्या होते नहीं देख सकता हूँ। आव्हाड उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार में सोलापुर के संरक्षक मंत्री थे।

महिला से छेड़छाड़ का मामला दर्ज
रविवार को कलवा और ठाणे शहर को जोड़ने वाले कलवा क्रीक पर तीसरे पुल का उद्घाटन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया। इस मौके पर पीड़ित महिला समेत सांसद श्रीकांत शिंदे, विधायक जितेंद्र आव्हाड समेत अन्य नेता मौजूद थे। एक 40 वर्षीय महिला सामाजिक कार्यकर्ता ने दावा किया कि छेड़खानी की घटना शाम को नए फ्लाईओवर के उद्घाटन समारोह के दौरान हुई।
महिला का आरोप है कि जब वह सीएम से मिलने जा रही थी, तभी विधायक जितेंद्र आव्हाड ने उनको गलत तरीके से छुआ। हालांकि, वह अकेली नहीं थी जो सीएम से मिलने की ओर आगे बढ़ रही थी, क्योंकि और भी लोग सीएम से मिलने के लिए जा रहे थे। महिला का दावा है कि विधायक ने उसके शरीर को गलत तरीके से छुआ और एक तरफ हटने के लिए कहा। इसके बाद महिला ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया और फिर शिकायत दर्ज करवाई। मुंब्रा पुलिस इस मामले में पीड़िता के बयान और वीडियो के आधार पर जांच में जुटी है।

बता दें कि इससे पहले ठाणे के विवियाना मॉल में मराठी फिल्म ‘हर हर महादेव’ देखने आए दर्शक से मारपीट करने के आरोप में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) विधायक जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ वर्तक नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ वर्तक नगर पुलिस ने आईपीसी की धारा 141,143,146,149,323,504 के तहत एफआईआर दर्ज की और गिरफ्तार भी किया। बाद में आव्हाड को कोर्ट से जमानत मिल गई। वहीं इस मामले में एनसीपी के कद्दावर नेता आव्हाड का आरोप है कि इस फिल्म में छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। हालांकि, गिरफ्तारी के दूसरे दिन कोर्ट ने आव्हाड को 15 हजार रुपये के मुचलके पर जमानत दे दी थी।

ठाणे में यातायात की समस्या के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध
कलवा क्रीक पर लोगों को पुल समर्पित करते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनकी सरकार ठाणे शहर में यातायात की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम ने कहा कि शहर में ट्रैफिक की भीड़ को खत्म करने के लिए बाईपास और ईस्टर्न फ्रीवे के विस्तार सहित विभिन्न परियोजनाओं को शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) और ठाणे नगर निगम (टीएमसी) इस लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं। समारोह में ठाणे नगर आयुक्त अभिजीत बांगर ने शहर में चल रही परियोजनाओं के बारे में एक प्रस्तुति दी। कलवा क्रीक पर पहला पुल 1863 में बनाया गया था और 2016 में यातायात की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। वहां दूसरा पुल 1995-96 में बनाया गया था। अधिकारियों ने कहा कि नवीनतम पुल का निर्माण 183.66 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।