चुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

नए साल में सरकार का तोहफा- मुंबई में 500 वर्गफीट वाले घरों का प्रापर्टी टैक्स होगा माफ!

मुंबई: मुंबई में होने वाले आगामी महानगरपालिका चुनाव के मद्देनजर घोषणाओं की शुरुआत होने लगी है। राज्य की महाविकास आघाडी सरकार ने मुंबई में 500 वर्गफीट वाले घरों के लिए प्रापर्टी टैक्स माफ करने का ऐलान किया है। शिवसेना ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में यह वादा किया था। नए साल के पहले दिन सीएम उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई नगर विकास विभाग की बैठक में यह निर्णय लिया गया। सरकार के इस निर्णय से 16 लाख से अधिक मुंबईकरों को फायदा होगा तो वहीँ मुंबई मनपा को सालाना 340 करोड़ का नुकसान होगा।
सरकार ने यह फैसला आगामी महापालिका चुनाव को देखते हुए लिया है। इससे मनपा को हर साल 340 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान होगा। मुंबई में 28 लाख घरों में से तकरीबन 16 लाख घर 500 वर्गफीट या उससे कम के हैं। शनिवार को राज्य के सभी नागरिकों को नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि शिवसेना ने वर्ष 2017 के नगरपालिका चुनाव के समय जो वादा किया था अब उसे पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि हमनें अधिकांश वादे पूरे कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवसेना ने मुंबईकरों के लिए केवल घोषणापत्र जारी नहीं किया, बल्कि उन वादो को पूरा भी किया। जो काम हो नहीं सकते, ऐसे झूठे वादे हमने नहीं किए। मतदान के पहले तारे तोड़कर लाने की बात कहने वाले बाद में पांच साल तक कुछ नहीं बोलते। हम ऐसा कभी नहीं करते। अब तो शिवसेना को राकांपा और कांग्रेस जैसे मित्र भी मिल गए हैं।

पूर्व सीएम फडणवीस ने दिलाई थी याद
इसके पहले विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फड़नवीस ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के उस आश्वासन की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने 500 वर्गफीट तक के घरों का प्रापर्टी टैक्स माफ करने की बात कही थी। मुंबई भाजपा प्रभारी व विधायक अतुल भातखलकर ने सवाल किया है कि आखिर ठाकरे को अपना यह चुनावी वादा पूरा करने में इतना समय क्यों लग गया? उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के दबाव के बाद सरकार यह ऐलान करने को मजबूर हुई है।

नागपुर में भी माफ हो 500 वर्गफीट वाले घरों का प्रापर्टी टैक्सः देशमुख
कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक आशिष देशमुख ने मुख्यमंत्री ठाकरे को पत्र लिखकर मांग कि है कि मुंबई की तर्ज पर नागपुर में भी 500 वर्गफिट वाले घऱों का प्रापर्टी टैक्स माफ किया जाए। देशमुख ने कहा कि राज्य की उपराजधानी नागपुर में भी बड़ी संख्या में 500 वर्गफीट के घर हैं। इसलिए नागपुर के लोगों को भी यह राहत मिलनी चाहिए।