नागपुरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीति

नागपुर: शीतसत्र में आंदोलनकर्ताओं पर नजर रख रहे हैं हाईटेक पुलिस वाहन

नागपुर: शहर में चल रहे शीतकालीन अधिवेशन के दौरान निकलने वाले मोर्चों पर नजर रखने के लिए हाईटेक सुविधा की गई है। कौन आंदोलनकारी कहां, क्या कर रहा है इसकी पुलिस को हर पल की खबर मिल रही है। विधानभवन से लेकर सभी मोर्चा पाईंट और धरना स्थलों की पल-पल की खबर अब शहर पुलिस विभाग की हाईटेक पुलिस मोबाइल सर्विलांस वाहन मुहैया करा रही है। करीब 7 करोड़ की लागत से बने प्रत्येक वाहन के अंदर 3 टीवी स्क्रीन हैं। अंदर से पुलिस अधिकारी कांफ्रेंस कर कर्मचारियों को आगे की जानकारी माइक के जरिए दे सकते हैं। अधिवेशन में तीन पुलिस मोबाइल सर्विलांस वाहन लगाए गए हैं। एक वाहन टेकडी रोड, एक यशवंत स्टेडियम और एक विधानभवन परिसर में लगाया गया है। इन तीनों वाहनों को पुलिस कंट्रेाल रूम से अटैच किया गया है। कंट्रोल रूम में भी मोर्चा और धरना स्थलों की पल-पल की जानकारी पहुंच रही है।

पुलिस खुद उड़ा रही ड्रोन
उपायुक्त भरणे ने बताया कि, इसके पहले एक कंपनी के कर्मचारी आंदोलनकारियों का मोर्चा निकलने के बाद ड्रोन उड़ाते थे, जिससे आंदोलनकारियों की सारी गतिविधियों की जानकारी मिलती थी। इस बार पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों को ड्रोन चलाने के लिए बाकायदा प्रशिक्षित किया गया है। इस बार कंपनी के बजाय पुलिस विभाग की महिलाएं ड्रोन उड़ाने का काम कर रही हैं। प्रशिक्षित होने के कारण वह आसानी से ड्रोन उड़ाकर आंदोलनकारियों की गतिविधियों की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा रही हैं।

6 दिन में निकलेंगे 30 मोर्चे
बता दें कि नागपुर में करीब 6 दिन तक शीतसत्र चलेगा। इस दौरान लगभग 30 मोर्चे निकलने वाले हैं। पुलिस के उक्त आधुनिक वाहन में वॉकी टॉकी, हॉटलाइन और स्पिकर्स की सुविधा होने से अधिकारी यह आसानी से पता कर पा रहे हैं कि, कहां क्या हो रहा है। इस वाहन में करीब 8 अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था है। वाहन में रेडियो सिस्टम, मोबाइल डीवीआर, सूचना देने की विशेष सुविधा और जीपीएस ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर भी लगा है।

वाहन कंट्रोल रूम से अटैच
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नीलेश भरणे ने बताया कि इन वाहनों का उपयोग कानून व व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जा रहा है। इस वाहन की खासियत यह है कि, यह कहीं पर भी आसानी से आ-जा सकता है। करीब 250 फीट के इस वाहन में कई आधुनिक सुविधाएं हैं। इसमें लगे 4 आधुनिक कैमरे में तस्वीरें भी कैप्चर करके स्क्रीन पर दिखा सकता है। इस वाहन के आ जाने से वाहन के अंदर बैठे अधिकारी-कर्मचारी को गांधीसागर तालाब परिसर के चाचा नेहरू उद्यान से निकलने वाले मोर्चे की पूरी जानकारी आसानी से मिल सकती है।
वाहन में जनरेटर और एसी की सुविधा होने से इसके अंदर बैठने वाले अधिकारी- कर्मचारी को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। इस वाहन के आने से अधिकारी-कर्मचारियों को अलर्ट किया जा सकता है। अंदर बैठकर अधिकारी किसी को भी इंस्ट्रक्शन दे सकते हैं। यह वाहन पूरी तरह से हॉटलाइन की तरह है। इस वाहन के चालक से लेकर अन्य कर्मचारियों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है। उपायुक्त भरणे ने बताया कि इस आधुनिक वाहन के कारण अधिकारियों को एक जगह से दूसरी जगह जाने की जरूरत नहीं होगी। वह वाहन के अंदर ही बैठकर सारी गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए बंदोबस्त का जायजा ले सकते हैं।