पश्चिम बंगालब्रेकिंग न्यूज़

पश्चिम बंगाल के अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, आठ लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रविवार सुबह बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट होने से कई लोगों की मौत हो गई। अब तक आठ लोगों के मारे जाने की सूचना है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि विस्फोट सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ जब पटाखा फैक्टरी के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे। घटना कोलकाता से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर में दत्तपुकुर पुलिस थाना क्षेत्र में नीलगंज के मोशपोल इलाके में हुई। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मृतकों में 3 बच्चे भी शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि इमारत की छत पूरी तरह से उड़ गई। एक ही पल में पूरी इमारत ढह गई और वहां मैदान बन गया। मलबे के अंदर कई लोग अभी भी दबे हैं। और पीड़ितों के जले हुए और क्षत-विक्षत शव सड़कों पर आ गए। घायलों को इलाज के लिए बारासात अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरे इलाके में पुलिस ने घेराबंदी कर लिया है। राहत और बचाव अभियान चल रहा है। जिस समय धमाका हुआ लोग अपने घरों में थे। तेज आवाज सुनकर वे बाहर निकले तो धुएं का गुबार देखा। शरीर के टुकड़े इधर-उधर बिखरे पड़े थे। पुलिस को सूचना दी गई और टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, अवैध पटाखे की फैक्ट्री में विस्फोट होने से सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त हो गये। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पटाखे की ये अवैध फैक्ट्री तृणमूल कांग्रेस की सहायता से चल रही थी। इस घटना के बाद लोगों का गुस्सा देखने को मिल रहा है।

मई में भी हुआ था ऐसा ही धमाका
इससे पहले इसी साल मई में पूर्व मेदिनीपुर जिले के एगरा में एक अवैध पटाखा फैक्टरी में इसी तरह के विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई थी। बंगाल में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाके की कई घटनाएं सामने आती हैं। रविवार की घटना ने सबको हिलाकर रख दिया।