दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

पीएम मोदी ने किया नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 28 फीट ऊंची होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण

नयी दिल्ली: रविवार को दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया।
बता दें कि इस वर्ष से, भारत का गणतंत्र दिवस समारोह 24 जनवरी के बजाय 23 जनवरी से मनाया जा रहा है। पीएम मोदी ने रविवार शाम करीब साढ़े 6 बजे प्रतिमा के डिजिटल वर्जन का अनावरण किया। प्रतिमा के अनावरण के बाद प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, ‘भारत मां के वीर सपूत, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जन्मजयंती पर पूरे देश की तरफ से कोटि-कोटि नमन।’
उन्होंने कहा, जिन्होंने भारत की धरती पर पहली आज़ाद सरकार को स्थापित किया था, हमारे उन नेताजी की भव्य प्रतिमा आज डिजिटल स्वरूप में इंडिया गेट के समीप स्थापित हो रही है। जल्द ही इस होलोग्राम प्रतिमा के स्थान पर ग्रेनाइट की विशाल प्रतिमा भी लगेगी।ग्रेनाइट की प्रतिमा का आयाम 28 फीट लंबा और छह फीट चौड़ा होगा। प्रतिमा को उसी स्थान पर रखा जाएगा जहां 1968 तक जॉर्ज पंचम की प्रतिमा थी।
इससे पहले पीएम मोदी ने शुक्रवार को ऐलान किया था कि वह देश के महान सपूत सुभाषचंद्र बोस के प्रति आभार के प्रतीक के रूप में इंडिया गेट पर उनकी ग्रेनाइट की एक प्रतिमा का अनावरण करेंगे। उन्होंने कहा था कि जब तक नेताजी की ग्रेनाइट की प्रतिमा बनकर तैयार नहीं हो जाती, तब तक उस जगह पर उनकी एक होलोग्राम प्रतिमा लगाई जाएगी। सरकार ने आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी बोस की जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की है।

सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार भी प्रदान किए
प्रतिमा की बारीकियों के बारे में जानकारी देते हुए एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘होलोग्राम प्रतिमा को 30,000 लुमेन 4K प्रोजेक्टर द्वारा संचालित किया जाएगा।’ पीएम ने स्थापना समारोह में वर्ष 2019, 2020, 2021 और 2022 के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार भी प्रदान किए। समारोह के दौरान कुल सात पुरस्कार प्रदान किए गए।
बता दें कि केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भारत में व्यक्तियों और संगठनों द्वारा प्रदान किए गए अमूल्य योगदान और निस्वार्थ सेवा को पहचानने और सम्मानित करने के लिए वार्षिक सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार की स्थापना की है।
प्रधानमंत्री ने कहा, हमारे देश में वर्षों तक आपदा का विषय एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट के पास रहा था। इसका मूल कारण ये था कि बाढ़, अतिवृष्टि, ओले गिरना, इनसे बनी स्थितियों से निपटने का जिम्मा कृषि मंत्रालय के पास था। देश में आपदा प्रबंधन ऐसे ही चल रहा था। लेकिन 2001 में गुजरात में भूकंप आने के बाद जो कुछ हुआ, उसने आपदा प्रबंधन के मायने बदल दिए। हमने तमाम विभागों और मंत्रालयों को राहत और बचाव के काम में झोंक दिया। उस समय के जो अनुभव थे, उनसे सीखते हुए ही 2003 में Gujarat State Disaster Management Act बनाया गया।

मैं नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर नमन करता हूं: PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हर भारतीय को देश के लिए उनके महत्वपूर्ण योगदान पर गर्व है। पीएम मोदी ने लोगों को ‘पराक्रम दिवस’ की भी शुभकामनाएं दीं।
सरकार ने आजाद हिंद फौज के संस्थापक बोस की जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया- मैं नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर नमन करता हूं। हर भारतीय को हमारे देश के लिए उनके महत्वपूर्ण योगदान पर गर्व है। नेताजी का जन्म 23 जनवरी, 1897 में हुआ था।