पुणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रशहर और राज्य

पुणे: गला काट पति की हत्या, फिर पुलिस स्टेशन में किया सरेंडर; चार साल पहले की थी लवमैरिज

पुणे: मंगलवार को एक महिला ने अपने पति की सर्जिकल ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी। महिला को पता चला था कि उसके पति ने दूसरी शादी की है। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला खून से सनी ब्लेड लेकर पुलिस स्टेशन पहुंची और सरेंडर किया। बुधवार को उसे पुणे कोर्ट में पेश किया जाएगा। घटना धायरी इलाके की है।

दोनों ने की थी लव मैरिज
आरोपी महिला का नाम अनुराधा करे (24) है। उसने पति महांतेश बिरदार के गले पर ब्लेड से कई हमले किए। पुलिस जांच में सामने आया कि अनुराधा और महांतेश बचपन से एक-दूसरे को जानते थे और चार साल पहले काम के सिलसिले में दोनों का पुणे आना हुआ। इसके बाद दोनों ने लव मैरिज की थी।

हत्या का कारण?
जांच में सामने आया है कि मंगलवार को महांतेश शराब पीकर घर पहुंचा और पत्नी से झगड़ा करने लगा। इस झगड़े में उसने अनुराधा को बताया कि उसने दूसरी शादी की है। इससे अनुराधा आग बबूला हो गई और उसने घर में रखी सर्जिकल ब्लेड से महांतेश का गला काट दिया। इसके बाद उसने अपनी कलाई काटकर आत्महत्या करने का भी प्रयास किया है। हालांकि, इसके बाद उसने अपने पिता को फोन कर जानकारी दी और उनके कहने पर पुलिस स्टेशन जाकर सरेंडर कर दिया।