ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरव्यवसायशहर और राज्य

परमबीर सिंह वसूली केस: गैंगस्टर छोटा शकील के भाई अनवर के खिलाफ केस दर्ज

मुंबई: गैंगस्टर छोटा शकील के भाई अनवर और दो अन्‍य के खिलाफ मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने रंगदारी के मामले में केस दर्ज किया है। अनवर ने जो इस समय भारत में नहीं है ने कथित तौर पर ओशिवारा में एक बिल्डर को फोन किया और उसे धमकी दी थी।
क्राइम ब्रांच ने इस मामले में अनवर के अलावा दो अन्‍य लोगों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों की पहचान अरबाज शेख और राजू उर्फ कामरान के रूप में हुई है। रविवार को उन्हें 17 अगस्त तक के लिए रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में अभी आगे की जांच अभी जारी है।
एंटी एक्सटॉर्शन सेल के एक अधिकारी ने कहा, ओशिवारा में एक क्षेत्र 2016 से पुनर्विकास के अधीन है। शेख का दावा है कि उसके और उसके रिश्तेदारों के पास इलाके में छह घर हैं। हालांकि, उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, उसके पास केवल एक ही घर है, जिससे बिल्‍डर और शेख के बीच विवाद होता है।
गौरतलब है कि मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह मामले की जांच कर रही एसआईटी को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के दाहिने हाथ कहलाने वाले छोटा शकील का एक आडियो हाथ लगा है जिसमें वह एक बिल्डर को धमकी दे रहा है।
मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, अनवर के खिलाफ इसी ऑडियो के सामने आने के बाद मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, इस केस के तार भी परमबीर वसूली कांड से जुड़ते दिख रहे हैं। ये आडियो साल 2016 का बताया जा रहा है। आडियो कॉल में छोटा शकील संजय पुनमिया नाम के बिल्डर को धमकी दे रहा है कि एक अन्य बिल्डर श्याम सुंदर अग्रवाल से समझौता कर ले। बता दें कि परमबीर सिंह उस समय ठाणे के पुलिस कमिश्नर हुआ करते थे।

बता दें कि श्यामसुंदर अग्रवाल ही वो शख्स हैं जिन्होंने परमबीर सिंह समेत 6 पुलिस अधिकारियों के खिलाफ वसूली का मामला दर्ज कराया है। अग्रवाल ने मुंबई पुलिस को दिए बयान में बताया कि परमबीर सिंह ने उसे फर्जी मामले में फंसाया था और उसके ऊपर मकोका के तहत मामला दर्ज किया था। केवल यही नहीं बल्कि श्यामसुंदर ने आरोप लगाया है कि परमबीर सिंह और उनके कुछ साथी पुलिसवालों ने उसे न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी बल्कि सुरक्षा देने के नाम पर पैसे भी वसूले।