दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

बीजेपी विधायक नितेश राणे ने कोर्ट में किया समर्पण, 4 तक पुलिस हिरासत में रहेंगे

मुंबई: बीजेपी विधायक नितेश राणे ने बुधवार को सिंधुदुर्ग की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। समर्पण के बाद उन्हें 4 फरवरी तक पुलिस की हिरासत में भेज दिया गया है। उन पर शिवसेना कार्यकर्ता संतोष परब पर जानलेवा हमले का आरोप है।
नितेश केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के पुत्र हैं। चार बार निचली अदालत से व एक बार मुंबई उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत की अर्जी खारिज होने के बाद नितेश राणे ने पुनः उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी, लेकिन उनके वकील सतीश मानेशिंदे ने वह अर्जी वापस लेने का आवेदन किया। उन्होंने उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सीवी भडंग को बताया कि आवेदक अपनी अग्रिम जमानत का आवेदन वापस लेकर जांच में शामिल होना चाहता है। हालांकि उसके पास सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी से दी गई मोहलत के 5 दिन और बाकी हैं। न्यायमूर्ति ने यह आवेदन मानते हुए उन्हें अग्रिम जमानत की अर्जी वापस लेने की अनुमति दे दी। इसके बाद नितेश राणे ने सिंधुदुर्ग की एक अदालत के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने उन्हें चार फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।