ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र: कोरोना वैक्सीन पर रिसर्च के लिए सरकार ने दी बंदरों को पकड़ने की मंजूरी

सांकेतिक तस्वीर

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) के कोविड-19 वैक्सीन अनुसंधान के लिए 30 रीसस बंदरों को पकड़ने की अनुमति दी है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। रीसस मैकास यानी रीसस बंदर व्यापक रूप से चिकित्सा अनुसंधान में उपयोग किए जाते हैं। ये अधिकतर दक्षिण और पूर्वी एशिया में पाए जाते हैं।
वन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि टीके पर रिसर्च के लिए चार से पांच साल की उम्र के बंदरों की जरूरत होगी। सूत्रों ने कहा कि इस शर्त पर अनुमति दी गई थी कि बंदरों को अनुभवी कर्मियों द्वारा पकड़ा जाएगा, उन्हें कुशलतापूर्वक और सुरक्षित रूप से संभाला जाएगा, घायल नहीं किया जाएगा और परियोजना का इस्तेमाल व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए नहीं किया जाएगा।

महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या 82 हजार के पार
महाराष्ट्र में शनिवार (6 जून) को कोविड-19 से मुम्बई में 58 लोगों समेत 120 और मरीजों की मौत के साथ ही इस महामारी से मरने वालों की संख्या 2,969 पहुंच गई, जबकि 2,739 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 82,968 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
आधिकारिक बयान के अनुसार महाराष्ट्र में कोविड-19 के मरीजों के स्वस्थ होने की दर 45.06 प्रतिशत है तथा मृत्युदर 3.57 फीसद है। विभाग ने एक बयान में बताया कि दिन में 2,234 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। अब तक इस बीमारी से 37,390 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
इसमें कहा गया है कि राज्य में अभी 42,609 मरीजों का इलाज चल रहा है और अब तक कुल 5,37,124 नमूनों की जांच की गई है। राज्य में कोविड-19 के कुल 82,968 मामलों में मुंबई से 47,354 मामले हैं और शहर में 1,577 मरीजों की जान जा चुकी है।