ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र में लग सकता है आंशिक लॉकडाऊन, सीएम उद्धव ठाकरे ने बुलाई आपात बैठक; आज हो सकता है बड़ा ऐलान

मुंबई: देश में बेकाबू होते कोरोना वायरस ने एक बार फिर से सरकार की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार को एक दिन में 72330 नए मरीजों के साथ भारत में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1,22,21,665 पर पहुंच गया है। महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है, यहां कोरोना ने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने मुंबई में शाम 4.30 बजे सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हाई लेवल मीटिंग बुलाई है।
गुरुवार को राज्य में कोरोना के 43 हजार 183 नए पॉजिटिव केस सामने आए और 249 लोगों की मृत्यु हो गई। फिलहाल राज्य में 3 लाख 66 हजार ऐक्टिव कोरोना पेशेंट्स मौजूद हैं। ये आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार, राज्य में कोरोना नियंत्रण के लिए क्या उपाय किए जाएं? रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक राज्य में धारा 144 लागू है। क्या धारा 144 (जमाबंदी) से काम नहीं चल रहा? क्या पूरे राज्य में फिर से व्यापक लॉकडाऊन की स्थिति पैदा हो गई है? लेकिन लॉकडाऊन लगाने की संभावना जताए जाने के बाद इसका विपक्ष, व्यापारियों और उद्यमियों की तरफ से कड़ा विरोध जताया गया है। ऐसे में अगर लॉकडाऊन नहीं तो स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए किस तरह के नियम और प्रतिबंध लगाए जाएं? इन सभी प्रश्नों पर आज इस मीटिंग में चर्चा होगी। कोरोना के संकट को रोकने के लिए कोई ना कोई बड़ा निर्णय लेना अब जरूरी समझा जा रहा है। बताया जा रहा है कि आज की उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री आंशिक तालाबंदी का निर्णय ले सकते हैं। एक बार फिल मॉल, सिनेमाहॉल, थिएटर और कुछ प्राइवेट संस्थान बंद किए जा सकते हैं। राज्य में कंप्लीट लॉकडाऊन की संभावना तो कम ही दिखाई दे रही है लेकिन कोई बीच का रास्ता निकाला जा सकता है। वो मध्यममार्ग क्या होगा? कितना कठोर होगा? इस पर सबकी नज़रें लगी हुई हैं।

क्या एक बार फिर बंद होगी मुंबई लोकल?
सूत्रों की मानें तो मुंबई की लोकल ट्रेनों को एक बार फिर से सामान्य यात्रियों के लिए बंद किया जा सकता है। बता दें कि मुंबई लोकल ट्रेनों को सामान्य यात्रियों के लिए फरवरी में खोला गया था। मुंबई में कोरोना फैलने की एक प्रमुख वजह मुंबई लोकल ट्रेनों में बढ़ती हुई भीड़ को समझा जा रहा है। कहा जा रहा है कि मुंबई लोकल सिर्फ अति आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के लिए ही सिर्फ शुरू रखी जाएगी, आम यात्रियों के लिए बंद कर दिया जाएगा। मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर ने इस संबंध में संकेत भी दिए हैं।
मुंबई के अलावा जिन जिलों में संक्रमण तेजी से बढ़ा है वहां होटल और रेस्टॉरेंट्स बंद किए जा सकते हैं। सिर्फ होम डिलिवरी या ‘टेक अवे’ को इजाजत दी जा सकती है। प्राइवेट संस्थानों में कर्मचारियों से ‘वर्क फ्रॉम होम’ करवाने के लिए सख्ती की जा सकती है। अब देखना यह होगा कि राज्य सरकार इस संबंध में क्या निर्णय लेती है यह तो शाम 4.30 बजे की मीटिंग के बाद ही पता चल पाएगा।

अमिताभ बच्चन ने ली कोरोना वैक्सीन, ट्वीट कर बताया- कैसी है अब तबीयत
इस बीच गुरुवार को मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने कोरोना वायरस की वैक्सीन ली और ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। बता दें कि महानायक अमिताभ बच्चन, उनके बेटे अभिषेक और बहू ऐश्वर्या पिछले साल अगस्त के महीने में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे।
अमिताभ बच्चन ने गुरुवार देर रात ट्वीट करते हुए लिखा- ‘आज दोपहर मैंने कोरोना वायरस का टीकाकरण करा लिया। सब कुछ ठीक है…’। बिग बी के इस ट्वीट पर उनके फैंस भी कमेंट कर उनकी अच्छी सेहत के लिए कामना कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले महीने ही अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में इस बात का संकेत दिया था कि वो जल्द ही कोरोना वायरस की वैक्सीन लेंगे। हाल ही में अमिताभ बच्चन की आंखों की सर्जरी भी हुई थी, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट के जरिए दी।

बढ़ते संक्रमण के बीच राज्य में टीकाकरण के काम में तेजी
गुरुवार को बॉलीवुड फिल्म निर्देशक और निर्माता रोहित शेट्टी ने भी कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज ली। रोहित ने मुंबई के नानावटी अस्पताल में कोरोना की पहली वैक्सीन की डोज ली। इंस्टाग्राम पर उन्होंने एक फोटो शेयर की है जिसमें वह टीका लगवाते नज़र आ रहे हैं।

असल जिंदगी में खतरों के खिलाड़ी ना बनें
फोटो के साथ ही रोहित शेट्टी ने कोरोना वायरस को हल्के में लेने वालों को अपने मजेदार अंजाद में नसीहत दी। उन्होंने लिखा- ‘स्टंट और एक्शन फिल्मों के लिए होते हैं, असल जिंदगी में खतरों के खिलाड़ी ना बनें, जाकर वैक्सीन लगवाएं। कोरोना वायरस से लड़ने का एकमात्र यही उपाय है, आज मैंने वैक्सीन की डोज ली। नानावती अस्पताल के कर्मचारियों का आभार वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया बहुत अच्छी है।

बता दें कि आज यानी 1 अप्रैल से टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत हो चुकी है। इस फेज में देशभर के 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन की डोज दी जाएगी। इसके लिए किसी भी तरह की बीमारी की रिपोर्ट का आवश्यकता नहीं है।

सचिन तेंदुलकर को अस्‍पताल में भर्ती, 27 मार्च को हुई थी कोरोना होने की पुष्टि
भारत के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सचिन तेंदुलकर की ओर से खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी गई है। सचिन को डॉक्टरों की सलाह के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने अपने ट्वीट में उम्मीद जताई है कि वो कुछ दिन में घर लौट आएंगे। साथ ही लोगों से कोरोना महामारी से बचकर रहने की हिदायत भी दी है। बता दें कि मास्टर ब्लास्टर तेंदुलकर को कोरोना होने की पुष्टि 27 मार्च को हुई थी। कोरोना के हल्के लक्षण मिलने के बाद तब उन्होंने डॉक्टर्स की सलाह पर खुद को क्वारंटीन कर लिया था।