दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र में 9 अगस्त से शुरु होगी ईवीएम विरोधी जंग

मुंबई, महाराष्ट्र में विपक्ष के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर एक ईवीएम विरोधी राष्ट्रीय जन आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। इसके तहत 9 अगस्त को ‘ईवीएम भारत छोड़ो आंदोलन’ की शुरुआत होने जा रही है। आंदोलनकर्ताओं की मांग है कि आगामी विधानसभा चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बजाय बैलेट पेपर यानी मतपत्रों के जरिए कराया जाये।
इस आंदोलन से जुड़े नेताओं का कहना है कि इसे राष्ट्रव्यापी स्वरूप दिया जा रहा है और इसका मकसद निष्पक्ष, स्वतंत्र मतदान तथा लोकतंत्र को बचाने के लिए देश की मतदान प्रणाली को ईवीएम से वापस मत पत्रों की तरफ लाना है। इस उपलक्ष्य में जनसमर्थन जुटाने के लिए 9 अगस्त को मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में व्यापक जन आंदोलन की तैयारी की जा रही है।
महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए भारत छोड़ो आंदोलन की तर्ज पर ही मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान से ‘ईवीएम भारत छोड़ो, बैलेट पर वापस लौटो लोकतंत्र बचाओ’ आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया गया है। इसके तहत मुंबई में अगस्त क्रांति मैदान से चैत्यभूमि तक लॉन्ग मार्च का आयोजन किया गया है। इस लॉन्ग मार्च में महाराष्ट्र की तमाम विपक्षी पार्टियां, एनजीओ और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। मुंबई के अलावा महाराष्ट्र भर में भी विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई गई है।
इस आंदोलन की रूपरेखा के बारे में जानकारी देने के लिए मुंबई में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन भी किया है। इस आंदोलन के संचालित करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि ईवीएम की टेंपरिंग बूथ कैपचरिंग से बड़ी समस्या है। यह एक ऐसी अदृश्य साजिश है, जो जनादेश के साथ खिलवाड़ कर रही है।