चुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 40 स्टार प्रचारकों में शामिल

मुंबई, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के 40 ‘‘स्टार’’ प्रचारकों में शामिल हैं। इस साल हुए लोकसभा चुनावों के बाद यह पहला बड़ा राजनीतिक मुकाबला है। महाराष्ट्र में कांग्रेस का प्रचार करने वाले अन्य शीर्ष नेताओं में पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हैं। प्रियंका उत्तर प्रदेश में पार्टी महासचिव हैं।
सोनिया गांधी का स्टार प्रचारकों में शामिल होना कांग्रेस द्वारा महाराष्ट्र चुनावों को दी जा रही तवज्जो को दिखाता है। सोनिया इस साल हुए लोकसभा चुनावों के दौरान प्रचार से दूर रही थीं। एक समय कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाला महाराष्ट्र भाजपा के सत्ता में आने के बाद से उसके हाथ से निकल गया है। साल 2014 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कुल 288 सीटों में से केवल 42 पर ही जीत सकी। लोकसभा चुनाव में भी पार्टी का प्रदर्शन काफी खराब रहा और उसने केवल दो सीटें जीती। साल 2019 के आम चुनावों में पार्टी महज एक सीट जीत पायी। इस बार के विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने राकांपा के साथ गठबंधन किया है।
हालांकि महागठबंधन के लिए छोटे दलों के साथ बातचीत सीटों के आवंटन को लेकर बाधित हो गयी। सीटों के बंटवारे पर समझौते के अनुसार कांग्रेस और राकांपा के 125-125 सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावना थी लेकिन कांग्रेस ने अधिक नामांकन पत्र दाखिल किए। राज्य में प्रचार के लिए पार्टी के अन्य प्रमुख प्रचारकों में पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, पृथ्वीराज चव्हाण और अशोक चव्हाण हैं।
राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री क्रमश: अशोक गहलोत, कमल नाथ और भूपेश बघेल भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, ज्योतिरादित्य सिंधिया, शत्रुघ्न सिन्हा भी प्रचार करेंगे। दिलचस्प यह है कि पूर्व मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम और मिलिंद देवड़ा, पूर्व सांसद प्रिया दत्त स्टार प्रचारकों में शामिल नहीं हैं।