ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महिला ने तीन महीने की बेटी को पानी की टंकी में डुबो कर मार डाला! हत्या को अपहरण बता पुलिस को किया गुमराह, हुई गिरफ्तार

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने पति और ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी तीन महीने की बेटी को पानी की टंकी में डुबो कर मार डाला। बच्ची को मारने के बाद महिला ने पहले इसे अपहरण का मामला बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। उसने बताया कि मंगलवार को एक महिला उसके घर पर आई थी और उसे नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया और बच्ची को उठा ले गई। मां की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की और मामले की सच्चाई सामने आई।
घटना मुंबई के कालाचौकी के फेरबंदर इलाके के संघर्ष सदन इमारत की है। मां की शिकायत के बाद पुलिस ने महिला का एक स्केच भी जारी कर दिया था और एक टीम भी गठित की गई थी। इस टीम ने कई CCTV फुटेज भी खंगाले थे। लंबी जांच के बाद जब पुलिस को कुछ हाथ नहीं लगा तो गुरुवार को महिला और उसके पति को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया गया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के दौरान आरोपी महिला सही से जवाब नहीं दे पा रही थी, इसके बाद पुलिस को संदेह हुआ और कड़ाई से पूछताछ के बाद आखिरकार महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

बेटे की चाह में ससुरालवालें कर रहे थे महिला को प्रताड़ित
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, महिला की 2011 में शादी हुई थी और 2013 में उसकी एक बेटी भी हुई थी। जब महिला ने दूसरी बार गर्भधारण किया, तो उसके ससुराल वालों ने बच्चे के लिंग का निर्धारण करने के लिए काला जादू किया और उसे गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया। इसके बाद महिला का फिर से गर्भपात करवाया गया। आखिर में महिला किसी तरह से एक बार फिर से गर्भवती हुई।

मानसिक रूप से परेशान होकर उठाया यह कदम!
महिला का आरोप है कि अगस्त में सिजेरियन करने के लिए मजबूर किया गया और उसने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद परिवार ने कथित तौर पर महिला का बहिष्कार किया। आरोप है कि इसके बाद महिला मानसिक रूप से इतना परेशान हुई कि उसने अपनी बच्ची को मारने का मन बना लिया और मंगलवार रात को इस वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।