मुंबई: एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक का ATS में ट्रांसफर, 83 अपराधियों का कर चुके हैं एनकाउंटर

मुंबई, एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक का एटीएस में ट्रांसफर कर दिया गया है।मिली जानकारी के मुताबिक दया नायक को मुंबई के अम्बोली पुलिस स्टेशन के एटीएस सेल में तैनात किया गया है। अब यह दूसरा मौका है जब उन्हें अंबोली पुलिस स्टेशन में तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि नव्वे के दशक में जब मुंबई में अंडरवर्ल्ड की तूती बोलती थी और मुंबई की सडकों पर गैंगवार अपने पूरे चरम पर था, तो उस समय पुलिस विभाग में शामिल हुए दया नायक ने शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस दौरान उन्होंने विजय सालस्कर, प्रफुल्ल भोसले, अरुण बोरुडे, असलम मोमिन, राजू पिल्लै, और रविंद्र आंग्रे के साथ मिलकरअंडरवर्ल्ड से जुड़े कई खूंखार अपराधियों के एनकाउंटर भी किये थे। जिसके चलते उन्हें एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से जाना जाता है।
लेकिन साल 1995 में कर्नाटक स्थित अपने गांव में स्कूल बनाने के चलते दया नायक विवादों में आये। इस स्कूल का उद्घाटन मशहूर फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन ने किया था। इस मामले में उनकी पत्नी और दो अन्य लोगों राजेंद्र फड़के और पल्ली मनीवेलियन के खिलाफ जनवरी 2006 में मामला दर्ज किया गया था। दया नायक पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अपनी पत्नी के नाम पर 60 लाख रुपये की बेनामी संपत्ति खरीदी है। इसके बाद ही आय से अधिक सम्प्पति के मामले में उन्हें जेल भी जाना पड़ा, लेकिन दया नायक ने हार नहीं मानी और लंबी कानूनी लड़ाई लड़कर खुद को बेक़सूर साबित किया। जिसके बाद एक बार फिर उनकी पुलिस महकमे में वापसी हुई।
बता दें कि कर्नाटक में जन्में दया नायक की स्कूली पढाई कन्नड़ में हुई है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते दया नायक साल 1979 में मुंबई आ गए। जिसके बाद उन्हें गुजारा करने के लिए एक होटल में भी काम करना पड़ा और अपनी मेहनत और लगन के चलते वे एक सक्षम पुलिस अधिकारी बने।
