दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई कांग्रेस ने उठाया 1200 प्रवासी मजदूरों के टिकट का पूरा खर्चा!

मुंबई: देश में कोरोना वायरस के चलते लागू लॉकडॉउन के बीच…51 दिन के लंबे इंतजार के बाद जब सोमवार की शाम मुंबई सीएसटी रेलवे स्टेशन से एक स्पेशल ट्रेन 1200 प्रवासी मजदूरों को लेकर बिहार के लिए रवाना हुई तो, ट्रेन यात्रियों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा! ट्रेन छूटते ही कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए ये मजदूर आँखों से ओझल हो गए। मुंबई कांग्रेस के कोषाध्यक्ष संदीप शुक्ला और मुंबई कांग्रेस अनुसूचित जाति सेल के अध्यक्ष कचरू यादव ने प्रवासियों का अभिवादन करते हुए उन्हें विदा किया।

बिहार के लिए रवाना हुई इस ट्रेन में सवार 1200 मजदूरों के टिकट का पूरा खर्चा मुंबई कांग्रेस ने उठाया। यह जानकारी मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड ने दी। मजदूरों को मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराये जाने पर प्रवासी मजदूरों ने मुंबई कांग्रेस का आभार जताया।
श्रमिको की रवानगी पर मुंबई कांग्रेस के मुखिया गायकवाड ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के आदेश पर मुंबई कांग्रेस ने बिहार जाने वाले गरीब मजदूरों के लिए पूरी एक ट्रेन बुक की, जिसमें बिहार के 1200 मजदूर बिना कोई किराया भरे अपने गांव के लिए रवाना हुए। यह ट्रेन मुंबई सीएसटी से शाम को 5 बजे बिहार के लिए रवाना हुई।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अचानक देशभर में लॉकडाउन घोषित करने की वजह से उत्तर भारत के हजारों मजदूर मुंबई में अटक गए हैं। उनके पास न कोई साधन है और न पैसा। ऊपर से रेलवे उनसे यात्रा का किराया वसूल करना चाहती है। इन लोगों को राहत देने का संकल्प कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लिया है और उसी के अनुरूप महाराष्ट्र कांग्रेस और मुंबई कांग्रेस अपने स्तर पर इन लोगों की मुफ्त में रेल यात्रा का प्रबंध कर रही है।

गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पिछले सोमवार को कहा था कि उनकी पार्टी की राज्य इकाई कोरोना वायरस के कारण जारी लॉकडाउन के चलते दूसरे राज्यों में फंसे सभी जरूरतमंद मजदूरों के रेल टिकट का खर्च उठाएगी।