ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई के जोगेश्वरी में संपत्ति विवाद में भाइयों ने किया भाई का कत्ल!

मुंबई: संपत्ति पाने के चक्कर में अपने ही अपनों की जान ले रहे हैं। हाल के दिनों में ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी है, जिसने शहरवासियों को दहला दिया है। नया मामला जोगेश्वरी से सामने आया है, यहां दो भाइयों-भाभियों ने मिलकर घर के बड़े शख्स की पीटपीट कर हत्या कर दी। तीनों भाई जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (जेवीएलआर) पर एक ही फ्लैट में रहते थे। पुलिस ने दो भाइयों को अपने ही बड़े भाई की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि मुंबई के जोगेश्वरी में एक व्यक्ति की उसके दो छोटे भाइयों और उनकी पत्नियों ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, संपत्ति विवाद को लेकर रविकुमार मोटकुरी (46) के साथ उनके दो छोटे भाइयों और उनकी पत्नियों ने कथित तौर पर मारपीट की थी। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने रविवार रात मृतक के दो भाइयों जितेंद्र मोटकुरी (43) और महेंद्र मोटकुरी (40) को गिरफ्तार कर लिया। एमआईडीसी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला?
43 वर्षीय जितेंद्र मोटखुरी और 40 वर्षीय महेंद्र मोटखुरी भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी 46 वर्षीय मृतक रविकुमार मोटखुरी की पत्नी सपना मोटखुरी की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई थी। शिकायत के मुताबिक, घटना ग्रीनफील्ड कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में शनिवार शाम करीब 5 बजे हुई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि फ्लैट के मालिकाना हक को लेकर तीनों भाइयों में अक्सर लड़ाई होती थी और संपत्ति का विवाद अदालत में भी पहुंचा था।
मृतक की पत्नी सपना की शिकायत में कहा गया है कि जितेंद्र और महेंद्र जानते थे कि उनका भाई दिल की बीमारी से पीड़ित है और अगर उसे पीटा गया तो यह उसकी मौत का कारण बन सकता है। उसने आरोप लगाया कि भाइयों ने जानबूझकर संपत्ति के विषय को उठाया और झगड़ा हो गया। मारपीट के दौरान उन्होंने रविकुमार की पिटाई की और उसे सोफे पर धकेल दिया। इससे वह होश खो बैठे और गिर पड़े। इसके बाद उन्हें अंधेरी के होली स्पिरिट अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सपना द्वारा संदेह जताए जाने के बाद मृतक के विसरा को संरक्षित कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।