ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई: मनपा का 33,441 करोड़ का बजट पेश, टैक्स दरों में इस बार कोई बदलाव नहीं…

मुंबई: देश के सबसे धनी महानगरपालिका बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए 33,441 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। बजट में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में इस बार 8.95 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। खास बात यह है कि इस बार बीएमसी की ओर से किसी भी टैक्स में कोई वृद्धि नहीं हुई है। हालांकि विभिन्न लाइसेंस, जन्म प्रमाण पत्र, बाजार लाइसेंस सहित अन्य लाइसेंस के लिए फीस में 5 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित है। मनपा आयुक्त प्रवीण परदेशी ने महानगरपालिका की स्थायी समिति में बजट पेश किया गया था।

गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना के लिए 300 करोड़ आवंटित
बीएमसी ने बजट में विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और अन्य सुविधाओं पर भी ध्यान केंद्रित किया है। इसके तहत महत्वाकांक्षी तटीय सड़क परियोजना के लिए 25 फीसदी बजट बढ़ाकर 1600 से 2000 करोड़ रुपए किया गया है। परियोजना को चार साल में पूरा करने की योजना है। इसकी कुल लागत 12,721 करोड़ रुपए है। गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड के लिए भी 300 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। इस लिंक रोड से पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच यात्रा करने वालों को सुविधा हाेगी। इस बजट में बीएमसी ने राजस्व में घाटा भी दिखाया है। यह घाटा छोटे फ्लैटों को टैक्स में छूट देने के चलते बताया गया है। प्रस्तुत किए गए बजट के अनुसार, 500 वर्गफीट के कारपरेट एरिया वाले फ्लैटों को टैक्स में छूट देने से बीएमसी के राजस्व में 335 करोड़ रुपए की कमी आई है। वहीं बीएमसी को वर्ष 2020-21 के लिए में विभिन्न राजस्व स्रोतों से 28, 448.30 करोड़ रुपए का अनुमानित राजस्व मिलने की उम्मीद है। जो कि वित्त वर्ष 2019-20 के 24983.82 करोड़ रुपये की तुलना में 13.87 प्रतिशत अधिक है।