उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई में उत्तर भारतीयों की समस्‍याओं के निदान हेतु, नोडल अधिकारी की नियुक्ति

मुंबई: उत्तर प्रदेश सरकार ने मुंबई में रहने वाले उत्तर भारतीयों की लंबे अरसे से चली आ रही मांग की स्वीकारते हुए यहां एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति कर दी है। उपनिदेशक स्तर का यह अधिकारी उत्तर प्रदेश मूल के मुंबई में रह रहे लोगों की उनके गांव-घर संबंधी समस्याओं के निराकरण में उनकी मदद करेगा।
दो माह पहले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों का प्रचार करने आए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह वायदा करके गए थे कि वह जल्दी ही मुंबई में एक ऐसा अधिकारी नियुक्त करेंगे, जो यहां रह रहे उत्तर प्रदेश वासियों की उनके गांव-घर से संबंधित समस्याएं दूर करने में उनकी मदद करेगा। योगी को यह सुझाव उत्तर प्रदेश के राज्यपाल रह चुके रामनाईक ने तो दिया ही था, मुंबई भाजपा के महासचिव अमरजीत मिश्र एवं महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में उत्तर प्रदेश मूल के लोगों के बीच काम कर रहे संगठन उत्तर प्रदेश डेवलपमेंट फोरम (यूपीडीएफ) की ओर से भी यह मांग लंबे समय से उठाई जाती रही है।
रामनाईक का सुझाव था कि यह अधिकारी आईएएस स्तर से ऊपर, यानी सचिव स्तर का होना चाहिए, जो सिर्फ सिफारिश नहीं, बल्कि संबंधित विभागों को निर्देश भी दे सके। रामनाईक ने यह सुझाव भी मुख्यमंत्री को दिया है कि बात सिर्फ एक सरकारी अधिकारी की नियुक्ति तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए। बल्कि यहां उत्तर प्रदेश वासियों के बीच काम कर रहे गणमान्य लोगों की एक समिति भी गठित की जानी चाहिए, जो जरूरत पड़ने पर उक्त अधिकारी एवं लोगों के बीच समन्वय का काम भी करे। बता दें कि निवासी आयुक्त नियुक्त करने की मांग तो सिर्फ मुंबई के उत्तर प्रदेश वासियों की तरफ से हो रही थी, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार बेंगलूरु, कोलकाता एवं दिल्ली में भी नोडल अधिकारी नियुक्त करने का विचार कर रही है।