दिल्लीनागपुरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई में बत्ती गुल मामला: ऊर्जा मंत्री राउत बोले- बिजली आपूर्ति ठप होने की घटना किसी के द्वारा जानबूझकर की गई हरकत हो सकती है?

मुंबई: महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने बुधवार को कहा कि दो दिन पहले मुंबई में बिजली आपूर्ति ठप होने की घटना, किसी के द्वारा जानबूझकर की गई हरकत हो सकती है? मंत्री राउत ने मीडिया से बातचीत करते हुआ कहा कि महानगर, ठाणे और नवी मुंबई में बिजली आपूर्ति ठप होना कोई छोटा मुद्दा नहीं है।
उन्होंने कहा, हम 400 केवी कलवा-पड़घा लाइन पर काम कर रहे थे और लोड को सर्किट एक से दो पर ट्रांसफर किया गया था। लेकिन कुछ तकनीकी समस्या के कारण खारघर इकाई बंद हो गई। मुंबई में हाई लेडिंग हुई जो नहीं होना चाहिए था।

जांच के लिए केंद्र की टीम मुंबई पहुंची
राउत ने कहा, इसीलिए हमें आशंका है कि किसी ने जानबूझकर यह काम किया। इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए केंद्र सरकार का एक तकनीकी दल यहां है और जांच समिति भी बनाई जाएगी। मंत्री ने कहा कि केंद्र का दल एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट सौंप देगा।

मुंबई समेत कई इलाकों में नहीं थी 3 घंटे बिजली
मंत्री ने कहा कि 2011 में भी इस तरह की घटना हुई थी। उस वक्त जिस समिति ने जांच की थी उसकी रिपोर्ट का भी अध्ययन किया जाएगा। सोमवार को ग्रिड फेल होने के कारण पूरे मुंबई रीजन यानी मुंबई, ठाणे, मुंबई, नवी मुंबई और पनवेल समेत कई इलाकों में लाइट गुल हो गई थी। इसकी वजह से लोकल ट्रेन, ट्रैफिक लाइट्स, ऑफिस, हाईकोर्ट, अस्पताल समेत कई प्रतिष्ठान तीन घंटे तक ठप हो गए थे।

मुंबई में बिजली की कितनी खपत?
मुंबई में इस समय करीब रोजाना 3000-3200 मेगावाट बिजली की खपत होती है। हालांकि, दिन और रात में खपत का रेशो अलग होता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड मुंबई उपनगरों में 27 लाख कंज्यूमर्स को बिजली देता है। इसमें करीब 21 लाख घरेलू उपभोक्ता है। वहीं, टाटा पावर मुंबई में लगभग 7 लाख उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति करता है।