ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई में शाही मुद्रा में विराजे ‘लालबाग के राजा’, उमड़ा भक्तों का हुजूम!

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में ‘लालबाग का राजा’ की पहली झलक शुक्रवार शाम 7 बजे लोगों को देखने को मिली। इस दौरान भक्तों को ‘लालबाग के राजा’ के प्रथम दर्शन छत्रपति शिवाजी महाराज के जयकारों के साथ हुए। मुंबई में गणेशभक्तों के लिए सबसे पहले लालबाग के राजा की पहली झलक सामने आई है। नगाड़ों और नृत्य के बीच ‘राजा’ की पहली झलक भक्तों ने देखी। इस दौरान लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली। भक्तों ने जयकारों के बीच लालबाग के राजा का स्वागत किया। कला निर्देशक नितिन चंद्रकांत देसाई द्वारा शिवराजाभिषेक समारोह की भव्य कलाकृति में लालबाग के राजा का राजतिलक किया गया।

बता दें कि हर साल लालबाग के राजा के रूप में भगवान गणेश की विशाल व सुंदर प्रतिमा स्थापित की जाती है। इस बार भी भव्य प्रतिमा विराजित की गई है। ‘लालबाग के राजा’ दुनिया भर में प्रसिद्ध हैं। इस वर्ष ‘लालबागचा राजा’ का 90वां वर्ष है। लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल की स्थापना वर्ष 1934 में चिंचपोकली के कोलियों के द्वारा हुई थी। ये मुंबई के परेल इलाके में स्थित हैं।

गौरतलब है कि इस बार गणेश उत्सव की शुरुआत मंगलवार 19 सितंबर से हो रही है। ये उत्सव 10 दिनों तक चलेगा और 28 सितंबर को गणेश उत्सव का समापन हो जाएगा। पूरे महाराष्ट्र में इस उत्सव पर अलग ही धूम दिखाई पड़ती है। मुंबई में ‘लालबाग का राजा’ सबसे लोकप्रिय गणेश मंडल माना जाता है। यहां बड़े-बड़े राजनेता और सेलिब्रेटी आकर भगवान गणेश का दर्शन करते हैं। लालबाग के राजा के मंडल में लोगों का हुजूम सबसे ज्यादा होता है। माना जाता है कि दस दिनों तक चलने वाले इस उत्सव के दौरान आम से लेकर खास तक हर कोई अपने ‘बप्पा’ की एक झलक पाने के लिए बेताब होता है। कहा जाता है कि यहां दर्शन करने वाले भक्तों की हर मनोकामना को भगवान गणेश पूरी करते हैं। यहां गणपति बप्पा का दर्शन पाने के लिए गणेश उत्सव के दौरान लोगों की लंबी कतार देखने को मिलती है। दसवें दिन मूर्ति विसर्जन किया जाता है। इसमें भी भारी संख्या में जनसैलाब उमड़ पड़ता है।