उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

मुरादाबाद में प्रियंका गाँधी बोलीं- महंगाई चरम पर है, पीछे जा रहा उत्‍तर प्रदेश!

मुरादाबाद: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को अपने ससुराल में थीं। पीतलनगरी मुरादाबाद में लम्बे अंतराल के बाद आने के कारण उन्होंने वहां की जनता से माफी मांगी।
मुरादाबाद में ‘कांग्रेस प्रतिज्ञा रैली’ में पहुंचीं प्रियंका गांधी ने कहा कि आप सभी लोगों का मेरे ससुराल में बहुत स्वागत है। ससुराल वालों मैं आपसे माफ़ी चाहती हूँ कि बहुत दिन बाद आयी हूँ। आपके शहर ने मेरे परिवार को संरक्षण दिया, उनको खड़ा किया। देश के बंटवारे के बाद मेरे ससुरजी के पिता मुरादाबाद आये। यहीं से कारोबार शुरू किया। यहां के हुनर, यहां के लोगों की मदद से उन्होंने अपने बच्चों का भविष्य बनाया।
मुरादाबाद पीतलनगरी के रूप में पूरी दुनिया मे जाना जाता है। मेरी शादी के वक्त यह एक खुशहाल शहर था। व्यापारियों से लेकर मजदूरों की मेहनत के साथ-साथ उस समय ऐसी सरकार थी जिसने आपकी काफी मदद की। उसी समय में एक्सपोर्ट काउंसिल बनी, निर्यातकों को हर तरह से मदद दी गयी। मेरे पिता राजीव जी ने हर तरह से मदद की। उस समय आठ हजार करोड़ का निर्यात होता था, आज दो हजार का हो रहा है। इसके कारण दो लाख लोगों की रोटी-रोजी खत्म हुई।

प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति से व्यापारी काफी बर्बाद हुए हैं। इसके साथ ही सरकार की गलत नीति से नोटबंदी से कोई काला धन वापस नहीं आया। जीएसटी ने व्यापारियों की कमर तोड़ी। कारीगरों की दिहाड़ी आधी हुई। इसी दौरान बिजली व डीजल महंगा होने के साथ कच्चा माल भी काफी महंगा हो गया। इस सरकार ने ब्याज पर सब्सिडी कम की, जिससे लोग काम करने से घबराने लगे।

उत्तर प्रदेश की जनता ठान ले तो सरकार का नशा उतर जाएगा: सीएम बघेल
कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने मुरादाबाद के पीतल दस्तकारों के समस्याओं को उठाया, महंगाई का मुद्दा उठाते हुए बघेल ने कहा कि उपचुनाव में हार हुई तो पेट्रोल और डीजल के दाम कम दिए गए। अगर उत्तर प्रदेश की जनता ठान ले तो सरकार का नशा उतर जाएगा। आप सभी एकजुट हो जाएं तो महंगाई काबू में आ जाएगी। एक पार्टी धर्म के नाम पर तो दूसरी जाति के नाम पर वोट मांगती है, वहीं एक ओर प्रियंका आपके मुद्दों के नाम पर वोट मांग रहीं हैं। आपकी लड़ाई लड़ रहीं हैं। पिछले दिनों प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश में आए तो योगी के कंधे पर हाथ रखकर चलते हुए उनके फोटो खूब द‍िखाए गए, जबकि हमारे धर्म में किसी साधु, संन्यासी अथवा योगी के कंधे पर हाथ नहीं रखा जाता। प्रधानमंत्री बताएं क‍ि मुख्यमंत्री को योगी मानते हैं या नहीं?