ब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमुंबई शहर

म्यूजिक कंपनी के सीईओ के अपहरण मामले में विधायक पुत्र फरार, तीन गिरफ्तार

मुंबई: म्यूजिक कंपनी के सीईओ राजकुमार सिंह के अपहरण मामले में फरार विधायक के बेटे राज सुर्वे को गिरफ्तार करने में मुंबई पुलिस को अभी तक कामयाबी नहीं मिली है। मामले के तीन आरोपित गिरफ्तार चुके हैं।


वनराई पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रामपियारे राजभर ने शनिवार को बताया कि इस मामले में मनोज मिश्रा, पुनीत सिंह और चंदन सिंह को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों एयरपोर्ट से भागने की तैयारी कर रहे थे। तीनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया और कोर्ट ने तीनों को 14 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से छानबीन कर रही है और राज सुर्वे को तलाश रही है।

गौरतलब है कि शिकायतकर्ता राजकुमार सिंह गोरेगांव में ‘ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन’ नाम की कंपनी का मालिक है। इसके जरिए राजकुमार सिंह लोन मुहैया कराने का काम करते हैं। कंपनी ने 2021 में मनोज मिश्रा की म्यूजिक कंपनी ‘आदिशक्ति’ को 5 साल के कॉन्ट्रैक्ट और 3 साल के लॉक-इन पीरियड के साथ 8 करोड़ रुपये का लोन दिया था। कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक, सिंह को 5 साल में 11 करोड़ मिलने थे। लेकिन मनोज मिश्रा की कंपनी घाटे में आ गई और इससे वे परेशान हो गए।
इसके बाद मिश्रा ने अनुबंध रद्द करवाने का प्रयास शुरू कर दिया। मनोज मिश्रा ने प्रकाश सुर्वे के कार्यालय से फोन करवाकर राजकुमार सिंह को धमकी दिलवाई। तैयार नहीं होने पर सिंह का बंदूक की नोंक पर अपहरण कर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के शिवसेना गुट के विधायक प्रकाश सुर्वे के कार्यालय लाया गया। पुलिस ने शिकायतकर्ता राजकुमार सिंह को घटनास्थल से छुड़ाकर मामले की शिकायत दर्ज की थी और मामले की छानबीन में जुटी है।

शिवसेना (यूबीटी) ने की विधायक सुर्वे के बेटे की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग
एमएलसी विलास पोतनीस, शिवसेना विभाग प्रमुख विनोद घोसालकर और पूर्व नगरसेवकों के नेतृत्व में शिवसेना (यूबीटी) का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तरी क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव जैन से मिला। उन्होंने व्यवसायी के अपहरण और फिरौती के मामले में विधायक प्रकाश सुर्वे (एकनाथ शिंदे गुट) के बेटे राज सुर्वे को पुलिस द्वारा शीघ्र गिरफ्तार करने की आवश्यकता पर बल दिया। शिवसेना प्रतिनिधिमंडल ने राज सुर्वे को गिरफ्तार करने में उसी स्तर की तत्परता बरतने का आग्रह किया, जैसा कि वीडियो वायरल के संबंध में शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने में देखा गया है। गोरेगांव में फिरौती के लिए एक व्यवसायी का अपहरण करने के आरोप में शिवसेना विधायक प्रकाश सुर्वे के बेटे राज सुर्वे और लगभग 15 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। बंदूक के दम पर हुआ कथित अपहरण मामले में 10 अगस्त को वनराई पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।