उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

यूपी में बेची गई दो बच्चों संग मां! सीएम सोरेन के आदेश के बाद झारखंड से पुलिस टीम रवाना…

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में डंडई थाना क्षेत्र के जरही गांव निवासी सीताराम विश्वकर्मा की पत्नी देवंती देवी और उसके दो बच्चों को यूपी में बेचे जाने का मामला सामने आया है। उधर, मामला संज्ञान में आने के बाद सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश पर पुलिस ने टीम गठित कर उनके रेस्क्यू के लिए सीताराम को लेकर यूपी पहुँच गई है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि महिला की फुफेरी बहन ने ही घटना को अंजाम दिया है। पीड़िता के पति ने जिला प्रशासन और पुलिस से मदद की गुहार लगाई और मामला सीएम तक पहुंच गया। उसने थाना में सनहा दर्ज कराया था। सीएम हेमंत सोरेन ने पुलिस को मामले में त्वरित कार्रवाई कर उनके रेस्क्यू का आदेश दिया।
सीताराम ने बताया कि उसकी पत्नी देवंती देवी ने उसे फ़ोन कर बताया कि उसे धोखे से यहां बेच दिया गया है। महिला ने पति से उसे और बच्चों को बचाने की गुहार लगाई है। महिला के साथ बेटा सूरज कुमार (8 वर्ष) और बेटी अनिता कुमारी (11 वर्ष) है। देवंती के पति सीताराम ने बताया कि उसकी अनुपस्थिति में देवंती करीब एक वर्ष पहले अपने मायके गई थी। उसके साथ दोनों बच्चों बच्चे भी गए थे। उसके बाद से उन तीनों का कोई पता नहीं चला। अप्रैल 2020 तक तीनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। एक दिन अचानक देवंती का फोन आया और पूरी घटना की जानकारी दी। तब तक आठ महीने बीत चुके थे।
सीताराम ने बताया कि देवंती को उत्तर प्रदेश में रहने वाले जयपाल विश्वकर्मा के पास बेचा गया है। देवंती ने अपने पति से कहा कि किसी भी तरह से वह जयपाल विश्वकर्मा के चंगुल से उसे छुड़ा ले। जयपाल उस पर काफी अत्याचार करता है। उसे प्रताड़ित करता है। वह अपने बच्चों के साथ घर लौटना चाहती है। सीताराम ने बताया कि पिछले वर्ष सितंबर महीने में वह उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हिंदुस्तान उर्वरक और रसायन लिमिटेड कंपनी में मजदूरी करने गया था। उसी दौरान उसकी पत्नी की फुफेरी बहन बाहर घुमाने का झांसा देकर ले गई। उसके बाद उसे बेच दिया गया।
सीताराम ने यह भी बताया कि देवंती के साथ उसकी शादी 2007 में हुई थी। उधर मामला प्रकाश में आने के बाद शनिवार रात ही पुलिस सीताराम को लेकर यूपी के लिए रवाना हो गई है। डीएसपी दिलीप खलखो ने बताया कि बेची गई महिला और बच्चों को वापस जाले के लिए पुलिस काम कर रही है, बहुत ही जल्द उन्हें वापस लाया जाएगा।