दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

राजसमंद: BJP विधायक किरण माहेश्वरी का कोरोना से निधन! PM मोदी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

जयपुर: राजसंमद से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री किरण माहेश्वरी का सोमवार तड़के निधन हो गया। उन्होंने हरियाणा के गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। 59 साल की किरण माहेश्वरी को 28 अक्टूबर को संक्रमण हुआ था। उनकी हालत में सुधार नहीं होने के बाद उन्हें 7 नवंबर को एयर एंबुलेंस से गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल ले जाया गया था। लेकिन उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। माहेश्वरी बीजेपी की राष्ट्रीय पदाधिकारी रहने के साथ ही राजस्थान में दो बार मंत्री भी रहीं। उदयपुर संभाग में किरण माहेश्वरी का खासा दबदबा था। राजस्थान में बीजेपी की बड़ी महिला नेत्रीओं में उनका नाम शुमार था। किरण माहेश्वरी 24 वर्ष की उम्र में ही राजनीति में आ गई थी। उनका राजनीतिक सफर करीब 35 वर्ष का रहा। माहेश्वरी के निधन से राजस्थान भाजपा में शोक की लहर छा गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की वरिष्ठ नेत्री किरण माहेश्वरी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि किरण माहेश्वरी जी के असमय निधन से दुखी हूं। राजस्थान से सांसद, विधायक और राज्य में कैबिनेट मंत्री के तौर पर उन्होंने राज्य के विकास और गरीबों तथा हांसिए पर रहने वालों के सशक्तीकरण के लिए निरंतर काम किया। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।

किरण माहेश्वरी के निधन पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा नेता और राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि किरण माहेश्वरी के निधन का समाचार सुनकर दुःख हुआ। इस कठिन समय में उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना। भगवान उन्हें यह नुकसान सहने की शक्ति दें। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जताया दुख
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने ट्वीट कर किरण माहेश्वरी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि स्वर्गीय किरण से मेरा गहरा लगाव था। उन्होंने सदैव भाजपा को मजबूती प्रदान की और आजीवन भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में भूमिका निभाई। उनके निधन से संगठन में हुए खालीपन को भरना आसान नहीं होगा। आज वो हमारे बीच नहीं है, लेकिन हमारी स्मृतियों में वे सदैव जिंदा रहेंगी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने जताया दुख
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने ट्वीट कर किरण माहेश्वरी के असामयिक निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी का परिवार शोक से व्याकुल है। हमारी आदरणीया किरण माहेश्वरी जी का यूं चले जाना स्तब्ध कर गया। वो संभावनाओं वाली नेता थीं। सदन में उनकी वाणी विपक्ष को निरूत्तर कर देती थी। एक सफल जनप्रतिनिधि और संगठक के रूप में उनकी भूमिका अत्यंत प्रभावी थी। अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि।

कांग्रेस के कई नेताओं ने जताया शोक
विधानसभा में मुख्य सचेतक महेश जोशी ने कहा कि किरण माहेश्वरी जी के असामयिक निधन की खबर से स्तब्ध हूं। एक सशक्त महिला के रूप में पूरे प्रदेश में उनका मान सम्मान था। मेरे साथ भी वे सदन की सदस्य थीं और BAC की सदस्य भी थीं। बड़ों का आदर सम्मान करना उनके स्वभाव में था। बेहद विनम्र लेकिन एक मजबूत नेता के रूप में वे हमेशा याद की जाती रहेंगी। मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए परमपिता से प्रार्थना करता हूं। पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी के निधन पर संवेदना व्यक्त की। पायलट ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए परमपिता से प्रार्थना की है।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जताया दुख
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि पूर्व सांसद, विधायक और पूर्व मंत्री राजस्थान सरकार, पार्टी की वरिष्ठ व समर्पित कार्यकर्त्ता, मेरी बड़ी बहन किरण माहेश्वरी जी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दुःखी हूं। उनका जाना ना सिर्फ संगठन की, परिवार की बल्कि मेरी भी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें।

उदयपुर की पहली महिला सभापति से लेकर कैबिनेट मंत्री तक
किरण माहेश्वरी उदयपुर की सांसद एवं उदयपुर नगर परिषद की पहली महिला सभापति रही थीं। वे वसुंधरा सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहीं। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, राजस्थान और राष्ट्रीय स्तर के बड़े पदों पर भी रहीं। वह मूलत: उदयपुर की हैं। पिछला विधानसभा चुनाव राजसमंद से जीतीं थीं। उन्हें पार्टी ने कोटा उत्तर नगर निगम चुनाव के दौरान प्रभारी बनाया था, जहां प्रचार के दौरान ही वे कोविड पॉजिटिव पाई गई थीं।

राजसमंद भाजपा को एक और बड़ा झटका
राजसमंद जिले में बड़े पद पर रहते हुए यह चौथे बीजेपी नेता का निधन हुआ है। इससे पहले 27 मई 2019 को तत्कालीन सांसद हरिओम सिंह राठौड़ और फरवरी 2018 में नाथद्वारा से बीजेपी विधायक कल्याण सिंह चौहान का कैंसर के चलते तथा जनवरी 2008 में तत्कालीन जिला प्रमुख नरेंद्र सिंह सोलंकी का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था।