ब्रेकिंग न्यूज़हिमाचल प्रदेश

शिमला में भूस्खलन की चपेट में आया प्राचीन ‘शिव मंदिर’; 21 लोगों की मौत! 9 शव बरामद, खोज और बचाव जारी

हिमाचल: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर कुदरत कहर बरपा रही है। यहां बीते दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने राज्य को एक बार फिर आपदा जैसे हालात पर लाकर खड़ा कर दिया है। समर हिल के शिव मंदिर के पास भूस्खलन होने से कई लोग मलबे में दब गए हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ स्थिति का निरीक्षण किया। पिछले 24 घंटे में राज्य में करीब 21 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। भारी बारिश के चलते समर हिल में ‘शिव मंदिर’ ढह गया। फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए ऑपरेशन जारी है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर बताया कि अबतक इस घटना में 9 शवों को बरामद कर लिया गया है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि हमारा प्रयास ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाना है। उन्होंने कहा कि 20-25 लोग यहां (समर हिल, शिमला) मलबे में फंसे हुए हैं। राज्य में पिछले 24 घंटों में 21 लोगों की मृत्यु हुई है। मैं लोगों से घर के अंदर रहने, नदियों और भूस्खलन-संभावित क्षेत्रों के पास न जाने की अपील करूंगा। बहाली का काम बारिश रुकते ही शुरू हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेना बचाव अभियान कर रहे हैं और लोगों की जान बचाने के लिए मौके पर मौजूद हैं। मैंने मंडी में अपना पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिया है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम हमेशा की तरह चलेगा लेकिन हमारी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है।

शिमला के एसपी संजीव कुमार गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भूस्खलन में एक मंदिर ढह गया। इससे आसपास की इमारतों को भी खतरा है। कई लोग फंसे हुए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मौके पर लैंड स्लाइड भी हो रहा है। सावन के सोमवार की वजह से सुबह शिव मंदिर में कई लोग पहुंचे थे।

हिमाचल के सोलन में फटा बादल, 7 लोगों की मौत!
वहीं, हिमाचल प्रदेश में सोमवार को सोलन में बादल फटने की घटना भी सामने आई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोलन जिले के जादोन गांव में रविवार रात को बादल फटने से दो मकान बह गए। हादसे में छह लोगों को बचा लिया गया जबकि 7 अन्य की मौत हो गई। सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त हरनाम (38), कमल किशोर (35), हेमलता (34), राहुल (14), नेहा (12), गोलू (8) और रक्षा (12) के रूप में की हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, सोलन जिले के कंडाघाट उपमंडल की ममलीग उप-तहसील के जडौण गांव में देर रात डेढ़ बजे बादल फटने से दो घर और एक गौशाला बह गई है। बताया जा रहा कि दोनों घरों में 13 लोग मौजूद थे जिनमें से 7 लोगों की मौत हो चुकी है। इनके शव भी बरामद किए गए हैं, जबकि बाकियों की तलाश जारी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तेजी से घटना पर जाँच करने के आदेश दे दिए हैं।

राजभवन में होने वाला ‘एट-होम’ कार्यक्रम स्थगित
15 अगस्त से एक दिन पहले राज्य में इतने भयावह माहौल पर बात करते हुए हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला ने कहा, ध्वजारोहण किया जाएगा, स्वतंत्रता दिवस पर राजभवन में होने वाला ‘एट-होम’ कार्यक्रम स्थगित हो गया है। ध्वजारोहण करने के बाद बचाव कार्य में लग जाएंगे।