ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भिड़े उद्धव और शिंदे गुट के कार्यकर्ता, विधायक समेत 36 पर केस दर्ज, 5 गिरफ्तार

मुंबई: महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे गुट के बीच सियासी तनाव लगातार बढ़ता ही जा रहा है। अब दोनों ही गुटों के कार्यकर्ता एक बार फिर आपस में भिड़ गए। एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दोनों ही गुटों के कार्यकर्ता हिंसा पर उतर आए। पुलिस ने उद्धव गुट के 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। वहीं अब शिंदे गुट के माहिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक सदा सरवणकर और उनके बेटे के खिलाफ भी दंगा और आर्म एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
विधायक सरवणकर के अलावा अन्य 6 लोगों के खिलाफ भी दादर पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि विधायक सरवणकर ने दादर पुलिस स्टेशन के बाहर फायरिंग की थी। जिन पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। हालांकि, पुलिस ने पहले आईपीसी (IPC) की धारा 395 सहित विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किए गए शिवसेना के 5 लोगों को राहत देने के लिए एफआईआर से धारा 395 हटा दिया। क्योंकि इसके अलावा अन्य सभी धाराएं जमानती हैं।

दरअसल, कल रात उद्धव गुट के कुछ कार्यकर्ता विधायक सरवणकर की बिल्डिंग के नीचे पहुंचकर नारेबाजी कर रहे थे। इसके बाद शिंदे गुट के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए और आपस में झड़प होने लगी। पुलिस को जानकारी मिली तो मौके पर पहुंची और 30 से 40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मौके से 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं उद्धव ठाकरे गुट के एमएलसी सुनील शिंदे ने आरोप लगाया था कि सरवणकर ने अपनी बंदूक से फायरिंग की थी। जिसमें उद्धव गुट के एक नेता की जान जाने से बाल-बाल बची। इस मामले में भी पुलिस ने सरवणकर और उनके बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

गणेश विसर्जन के दौरान भी भिड़े थे दोनों गुट के कार्यकर्ता
बता दें कि उद्धव और शिंदे गुट के बीच यह पहली बार भिड़ंत नहीं है। इससे पहले दोनों गुटों को कार्यकर्ता गणेश विसर्जन के दौरान आपस में भिड़ गए थे। आरोप यही है कि शिंदे गुट के लोगों ने उद्धव ठाकरे के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। इसके बाद उद्धव गुट के कार्यकर्ता विरोध करने सरवणकर की बिल्डिंग के नीचे पहुंच गए।