Ajmer Road Accident News
अजमेर: राजस्थान में अजमेर के आदर्शनगर थाना क्षेत्र की बड़ल्या पुलिया पर आज सुबह एक वोल्वो बस के ट्रेलर से टकराने पर बस चालक की मौत हो गई, जबकि करीब तीन दर्जन यात्री घायल हो गये।
आदर्शनगर थाने के हैड कांस्टेबल अर्जुन सिंह के मुताबिक, दिल्ली से अहमदाबाद जा रही वोल्वो बस क्षेत्र के बडल्या पुलिया पर ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में बस चालक राकेश कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया। हालांकि कई घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसा इतना भीषण था कि ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि केबिन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद बस में चीख पुकार मच गई।
पुलिस के मुताबिक 11 यात्रियों को गंभीर चोट आई है। हादसे के वक्त सवारियां सो रही थी। तभी अचानक बस एक ट्रेलर में जा घुसी। जिससे यात्रियों में कोहराम मच गया। बस चालक राकेश कुमार के शव को बमुश्किल केबिन से निकलवा कर उसे अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
