नेटवर्क महानगर/मुंबई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका में 44 साल बाद मेयर की कुर्सी पर फिर से बीजेपी काबिज हो गई। इस ऐतिहासिक क्षण काे देखने के लिए महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के साथ बीएमसी सदन की दीर्घा में मौजूद रहे। सीएम फडणवीस को दीर्घा में देखकर बीजेपी के नगरसेवकों का जोश बिलकुल हाई हो गया। सदन से ही ‘देवाभाऊ’ के नारे लगने लगे, तो वहीं, दूसरी ओर बीजेपी की नगरसेविका रितु तावड़े ने मेयर की जिम्मेदारी संभालने के बाद कहा कि वह मुंबई की सेवक बनकर काम करेंगी।
गौरतलब हो कि 44 पहले कुछ समय के लिए बीजेपी प्रभाकर पई मेयर बने थे। पिछले महीने संपन्न हुए बीएमसी चुनावों में बीजेपी ने शिवसेना के साथ मिलकर बहुमत के आंकड़े को 114 को पार किया था। इसके बाद मेयर की कुर्सी बीजेपी और डिप्टी मेयर की कुर्सी शिंदे की शिवसेना को मिली है।
बीएमसी में बीजेपी की मेयर के बैठने के बाद सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। इसमें उन्होंने लिखा कि मुंबई का मेयर महायुति से होगा और हिंदू होगा, मराठी होगा! गौरतलब हो कि चुनावों में देवेंद्र फडणवीस ने यह बयान दिया था।

महायुति के लिए अच्छा दिन: शिंदे
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज महायुति के लिए बहुत अच्छा दिन है। मुंबई के लोगों ने हमें साफ बहुमत दिया है और नई मेयर रितु तावड़े, और डिप्टी मेयर संजय घाडी बिना किसी विरोध के चुने गए हैं। शिंदे ने कहा कि मैं मुंबई के लोगों को महायुति में विश्वास जगाने के लिए धन्यवाद देता हूं। यह बालासाहेब ठाकरे का जन्म शताब्दी वर्ष है और हम उनकी इच्छा के अनुसार मुंबई को डेवलप करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
नवनिर्वाचित मेयर रितु तावड़े ने क्या कहा?
इस मौके पर मुंबई मनपा आयुक्त भूषण गगरानी ने मेयर रितु तावड़े और डिप्टी मेयर मिस्टर संजय घाडी को बधाई दी। रितु तावड़े 44 साल बाद मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में बीजेपी की मेयर बनी हैं। वह बीजेपी की पहली महिला मेयर भी बन गई हैं। रितु तावड़े घाटकोपर के वार्ड नंबर 132 से कॉर्पोरेटर चुनी गई हैं। वह मुंबई की 78वीं मेयर बनी हैं। रितु तावड़े ने शपथ लेने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिए मंत्र के अनुसार, मैं शपथ लेती हूं कि यह पहला नागरिक आज से हमारी मुंबई का ‘पहला सेवक’ बनकर काम करूंगी। खुद को मराठी मेयर बताते हुए उन्होंने कहा कि सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मुंबईकरों से किया वादा पूरा किया कि बीएमसी मेयर एक मराठी होगा। आज मैं इस ऐतिहासिक हॉल में आप सभी के सामने मराठी मेयर के तौर पर खड़ी हूं। उन्होंने कहा कि मेरा लक्ष्य ट्रांसपेरेंट, डेवलपमेंट, लोगों को अच्छा प्रशासन देने पर होगा। हमारे शहर को साफ, सुंदर, सुरक्षित और मॉडर्न बनाना हमारी प्राथमिकता होगी। हम महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार के मौके, सीनियर सिटिजन की देखभाल और गरीबों व जरूरतमंदों के लिए असरदार योजनाएं लागू करने के लिए पक्के इरादे वाले हैं। भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने के लिए डिजिटल सिस्टम और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल किया जाएगा। मैं आपको भरोसा दिलाना चाहती हूं कि सेवा को राजनीति से ज्यादा अहमियत दी जाएगी।
कौन है रितु तावड़े?
रितु तावडे 2012 से लगातार 3 बार बीजेपी की कॉर्पोरेटर हैं। वे तीनों बार अलग अलग वार्ड से चुनीं गईं हैं। 2012 में पहली बार 127 से, 2017 में 121 से और 2026 के बीएमसी चुनाव में वे पूर्वी उपनगर घाटकोपर के वार्ड नंबर 132 से निर्वाचित हुईं। इससे पहले वे बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। रितु तावड़े मराठा समुदाय से आती हैं, लेकिन गुजराती बहुल वार्ड में भी उनकी मजबूत पकड़ रही है। वर्तमान में महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय हैं।
