Babu Singh Kushwaha
नेटवर्क महानगर/जौनपुर
जनपद जौनपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्युत समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान सांसद ने विद्युत निगम के क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों का मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से फीड कर लें और उनका फोन अनिवार्य रुप से उठाना सुनिश्चित करें। शिकायत प्राप्त होने की दशा में अगली बैठक में कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

अपने संबोधन में सांसद कुशवाहा ने कहा कि ‘सांसद व विधायक निधि’ से दिए गए बजट के संबंध में प्राथमिकता से कार्य पूर्ण करें। जिन जगहों में ट्रांसफाॅर्मर में क्षमता वृद्धि की आवश्यकता है, वहां तत्काल क्षमता बढ़ाएं। जर्जर तार और खंभे तत्काल बदल दिए जाएं, नगर क्षेत्र में तार के बाक्स को तत्काल बंद किए जाने के निर्देश अध्यक्ष ने दिए। सांसद द्वारा जनपद में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण प्रगति, जमीन अधिग्रहण, किसानों के भुगतान सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पॉलीटेक्निक चैराहे पर पानी के जल जमाव होने की जानकारी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और निर्देशित किया कि जलभराव की स्थिति को दूर करें अन्यथा संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस मौके पर जफराबाद से सुभासपा विधायक जगदीश नारायण राय, मछलीशहर से सपा की विधायक डा.रागिनी सोनकर, शाहगंज से निषाद पार्टी के विधायक रमेश सिंह, मल्हनी से सपा विधायक लकी यादव, मड़ियाहूं से अपना दल एस विधायक डॉ. आरके पटेल, मुंगराबादशाहपुर से सपा विधायक पंकज पटेल, जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चन्द्र, सीडीओ ध्रुव खाड़िया आदि उपस्थित रहे।
