brajeshpathak
नेटवर्क महानगर/जौनपुर
प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शुक्रवार, 19 सितंबर को जनपद जौनपुर पहुंचे, इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। विकास कार्यों की समीक्षा व योजनाओंं का क्रियान्वयन करने जिले में पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि जौनपुर को विकास के क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के मामले में ‘नंबर-वन’ बनाना है। साथ ही जो प्रोजेक्ट चल रहे हैं वे गुणवत्तापूर्ण तरह से समय से पूरे हों इस पर भी ध्यान है। डिप्टी सीएम ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने स्थलीय निरीक्षण भी किया।
इसके बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता पाने के लिए राहुल गांधी तड़प रहे हैं। मतदाता सूची पर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवाल पर उप मुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि निर्वाचन आयोग निष्पक्षता से कार्य कर रहा है, लेकिन जब विपक्ष के लोग चुनाव जीतते हैं तो प्रशंसा करते हैं व संभावित हार को देखकर तरह-तरह के आरोप लगाते हैं।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से लिखित में शिकायत मांगी जा रही है, लेकिन इसे देने की बजाय कांग्रेस पार्टी जनता को गुमराह कर रही है। कांग्रेस के साथ सपा को निशाने पर लेते हुए हुए उन्होंने कहा कि समाजवादियों का नारा ही था कि खाली प्लाट हमारा है।
उनके राज में बेटियां घर से निकलने तक से घबराती थीं, लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में वही गुंडे-माफिया प्रदेश से पलायन कर चुके हैं। कहा कि सपा अपराधियों को पराश्रय देती है व इंडी गठब़ंधन की सच्चाई जनता समझ चुकी है।

इसके पूर्व कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में अधिकारियों संग समीक्षा बैठक में अस्पतालों की व्यवस्था, संसाधनों की कमी को लेकर सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह पर नाराजगी जताई। संजीवनी एप पर मरीजों को देखे जाने वाले गलत आंकड़ें बताने पर वह भड़क गए। कहा कि आपको यह भी नहीं पता।
बदलापुर क्षेत्र में अधिक बिल व बकाए के नाम पर कनेक्शन काटने की शिकायत पर उपभोक्तओं को प्रताड़ित नहीं करने का निर्देश दिया। सौभाग्य योजना के तहत गांवों में विद्युतीकरण नहीं करने वाले ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही ब्लैक लिस्ट करने को कहा। जिला अस्पताल में बुनियादी संसाधनों की कमी पर भी स्वास्थ्य विभाग से सवाल-जवाब किया।
पुलिस लाइन परिसर में बनाए गए ट्रांजिट हास्टल के निरीक्षण के दौरान दूसरे फ्लोर पर पहुंचकर कराए गए टाइल्स के कार्य पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि इसे समान रूप से न लगाए जाने से यह कुछ ही माह में खराब हो जाएगी।
